जब आरोपी को पकडऩे के लिए जंगल की खाक छानते रहे पुलिस कर्मी

Thursday, Jul 20, 2017 - 01:24 AM (IST)

कुल्लू: न्यायालय के आदेशों पर एक आरोपी को पकडऩे के लिए गई पुलिस से आरोपी ने खूब कसरत करवाई। न्यायालय से एक मामले में संबंधित आरोपी को पकड़कर कोर्ट में पेश करने के आदेश हैं। पुलिस विभाग ने 2 कर्मचारियों को इस काम पर लगाया गया है। दोनों जब उसे दबोचने के लिए उसके घर पहुंचे तो वह पुलिस को देखकर नौ दो ग्यारह हो गया। दोनों पुलिस कर्मी जब उसके पीछे दौड़े तो वह उन्हें चकमा देकर जंगल की ओर भागा। बीते रोज हुई इस कार्रवाई के बाद पूरी रात पुलिस कर्मी आरोपी को जंगल में ढूंढते रहे लेकिन वह नहीं मिल पाया। 

आरोपी की पहचान रखी गुप्त
पुलिस ने फरार हुए आरोपी के नाम का खुलासा करने से इंकार करते हुए तर्क दिया कि इससे वह और अलर्ट हो जाएगा और भूमिगत हो जाएगा, ऐसे में उसे पकडऩा मुश्किल हो जाएगा। पूरी रात आरोपी के पीछे भागते हुए पुलिस कर्मियों का खूब पसीना बहा। दोनों पुलिस कर्मियों की हालत इतनी खराब हो गई कि वे चल भी नहीं पा रहे हैं। अब 2 अन्य पुलिस कर्मियों को इस काम के लिए तैनात किया गया है। ए.एस.पी. निश्चिंत नेगी ने कहा कि जल्द ही फरार हुए आरोपी को दबोच लिया जाएगा।