जब चरस आरोपी को पुलिस से जबरन छुड़ा ले गए हथियारों से लैस लोग

Thursday, May 17, 2018 - 11:36 PM (IST)

मंडी: जंजैहली में पुलिस द्वारा 4.060 किलोग्राम चरस सहित पकड़े गए 2 आरोपियों में से एक व्यक्ति को गांव के लोगों द्वारा जबरन हथियारों के दम पर छुड़ा ले जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बुधवार को पुलिस थाना जंजैहली के मुख्य आरक्षी टेक चंद की अगुवाई में पुलिस टीम ने सिलसिला सुरागबरारी जोगणीधार के नजदीक पैदल आ रहे 2 लोगों तारा चंद पुत्र नाहरू राम गांव सुमाकोठी व लेद राम पुत्र मान सुख गांव विशलाला की शक के आधार पर तलाशी ली तो इस दौरान तारा चंद के कब्जे से 4.060 किलोग्राम चरस बरामद हुई, जिस पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।


कृषि उपकरणों व हथियारों से लैस थे लोग
जिस दौरान उन दोनों को पकड़ा गया उसी समय वहां एक व्यक्ति आया व वीडियो रिकार्डिंग शुरू कर दी। जब पुलिस ने उससे इस बारे में पूछा तो वह वहां से भाग गया व कुछ समय बाद अपने साथ अन्य लोगों को लाया, जिनमें एक औरत भी शामिल थी। कृषि उपकरणों व हथियार के साथ आए उक्त लोग पुलिस के कार्य में बाधा डालकर लेद राम को जबरदस्ती छुड़ा कर ले गए। सहायक उप निरीक्षक पुलिस थाना जंजैहली मोहन जोशी मामले की जांच कर रहे हैं। मामले की पुष्टि एस.पी. मंडी गुरदेव चंद शर्मा ने की है।

Vijay