जब CM जयराम को याद आया जंजैहली प्रदर्शन, इशारों-इशारों में सुना डाली खरी-खरी

Thursday, Oct 11, 2018 - 06:28 PM (IST)

मंडी (नीरज): अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के जंजैहली में पहुंचकर सी.एम. जयराम ठाकुर को बीते हुए वो दिन याद आ गए जब एस.डी.एम. कार्यालय को लेकर यहां खूब विरोध प्रदर्शन हुए थे। हालांकि मुख्यमंत्री ने खुले तौर पर इस विरोध प्रदर्शन का जिक्र नहीं किया लेकिन इशारों-इशारों में विरोध करने वालों को खरी-खरी सुना गए। उन्होंने कहा कि जब लक्ष्य बड़ा हो तो छोटी-छोटी चीजों को लेकर नहीं उलझना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन झगड़ों के कारण हम विकास में पिछड़ जाएंगे।

जो मान-सम्मान मिला है उसे बरकरार रखें
उन्होंने कहा कि आज सराज की जनता को यह समझने की जरूरत है कि पूरे प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में सराज को जो मान-सम्मान मिला है उसे बरकरार रखें। यहां अब बातें राजनीति से उपर उठकर होनी चाहिए न कि राजनीति पर आधारित। उन्होंने कहा कि कुछ मित्रों को अभी भी इस बात को समझाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज सराज विधानसभा क्षेत्र विकास की राह पर शिखर की ओर है और हम सभी को इसे शिखर तक ले जाकर वहां पर निरंतर बनाए रखना होगा। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि मिलकर आएं और सराज के विकास में अपनी भागीदारी निभाएं।

सी.एम. की निकाली गई थी शवयात्रा
बता दें कि इसी वर्ष सरकार बनने के बाद जंजैहली में पूर्व सरकार के कार्यकाल में खुले एस.डी.एम. कार्यालय को हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया था। इसके बाद सरकार ने यहां से एस.डी.एम. कार्यालय को थुनाग में खोल दिया था। इसी बात को लेकर विपक्षी दलों के लोगों ने खूब हो-हल्ला किया था। एक महीने से भी अधिक समय तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा था और सी.एम. की शवयात्रा तक निकाली गई थी। हर तरफ इस विरोध प्रदर्शन की निंदा हुई थी क्योंकि जिस क्षेत्र को सी.एम. की सौगात मिली थी वहां की जनता एस.डी.एम. कार्यालय की मांग पर अड़कर खुद अपने ही मुख्यमंत्री का विरोध कर रही थी। जंजैहली पहुंचने पर सी.एम. को यह सारी बातें याद आईं और उन्होंने इशारों ही इशारों में अपने मन की बात कह भी दी।

Vijay