जब भाजपाइयों ने CM के सामने GS Bali के पक्ष में की नारेबाजी

Saturday, Jun 10, 2017 - 12:34 AM (IST)

ऊना: पेखूबेला में आई.ओ.सी. के टर्मिनल के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सामने जनसभा मेंभाजपा कार्यकर्ताओं ने खाद्य आपूर्ति मंत्री जी.एस. बाली के पक्ष में नारेबाजी की। जैसे ही उक्त नेता मंच पर अपनी कुर्सी से उठकर संबोधन के लिए माइक पर आए तो मंच के सामने बैठे भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनको जय श्री राम और स्वागत के नारे सहित हमारा नेता कैसा हो जी.एस. बाली जैसा हो जैसे नारे लगाए। अचानक हुए इस वाकया से जहां भाजपा के आला नेता मुस्कराते हुए नजर आए तो, वहीं खाद्य आपूर्ति मंत्री भी मुस्कराए बिना नहीं रह पाए। इस दौरान  कांग्रेस के नेता असमंजस की स्थिति में पड़ गए।

बाली ने मोदी पर कसा तंज
कार्यक्रम के दौरान खाद्य आपूर्ति मंत्री ने टिप्पणी करते हुए कहा कि पी.एम. मोदी कहते हैं कि महिलाओं को चूल्हों से निजात दिलाना है लेकिन चूल्हों पर ही सबसे स्वादिष्ट खाना बनता है और यह दौर उन्होंने स्वयं देखा है। अब तो चूल्हों वाला दौर धीरे-धीरे बदल रहा है और लोग तरक्की कर रहे हैं।