कॉलेज की मांग पर 7 घंटे चक्का जाम, सरकार व विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी

Wednesday, Jun 07, 2017 - 12:52 AM (IST)

डल्हौजी: लचोड़ी में सरकारी डिग्री कॉलेज के न खुलने के विरोध में व्यापार मंडल लचोड़ी ने मंगलवार को लचोड़ी चौक पर 7 घंटे चक्का जाम किया। चक्का जाम के दौरान पुलिस ने जब व्यापार मंडल के अध्यक्ष को उठाकर सरकारी गाड़ी में डाला चाहा तो उग्र भीड़ बस में घुस गई, वहीं छत पर तथा बस के आगे-पीछे खड़े होकर पुलिस प्रशासन को हथियार डालने पर मजबूर कर दिया। भीड़ ने उग्र रूप तो तब लिया जब एक पुलिस कर्मी ने महिला को उठाने की कोशिश की। इस पर महिलाओं ने कहा कि जब महिला पुलिस मौके पर मौजूद है तो पुलिस कर्मी ने क्यों महिला को हाथ लगाया। आखिर में एस.डी.एम. द्वारा राज्यपाल तक समस्त पहलुओं सहित बात पहुंचाने के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। 

व्यापार मंडल ने किया क्रमिक भूख हड़ताल का ऐलान
व्यापार मंडल ने ऐलान किया कि बुधवार से क्रमिक भूख हड़ताल होगी। यह तब तक जारी रहेगी जब तक सरकार लचोड़ी में डिग्री कॉलेज नहीं खोलती। व्यापार मंडल लचोड़ी के बैनर तले आसपास की 8 पंचायतों ने सुबह करीब पौने 8 बजे चक्का जाम किया जो दोपहर बाद पौने 3 बजे समाप्त हुआ। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन तथा सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। यहां तक कि विधायक समेत कई लोगों के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शनकारी इस जिद्द पर भी अड़े रहे कि खंड समिति उपाध्यक्ष को बर्खास्त किया जाए और हिम्मत है तो वह दोबारा जनमत हासिल करके आएं। करीब अढ़ाई बजे जब माहौल शांत हुआ तो एस.डी.एम. ने व्यापार मंडल द्वारा तैयार ज्ञापन राज्यपाल तक पहुंचाने का आश्वासन दिया जिस पर जाम समाप्त हुआ। इन 7 घंटों में यात्रियों को खासी परेशानी हुई। 

आखिर क्यों बनी चक्का जाम की स्थिति 
लचोड़ी के लोगों की कालेज की 30 साल पुरानी मांग थी जिसमें सरकार ने एक कालेज तेलका और दूसरा भलेई में खोलने की अधिसूचना जारी की, जिस पर भड़के लचोड़ी के लोगों ने 20 दिन पहले जिला प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था कि 5 जून तक लचोड़ी में कॉलेज खोलने की घोषणा नहीं हुई तो चक्का जाम होगा। लचोड़ीवासियों ने तेलका कॉलेज को एक स्कूल का कॉलेज बताया तो भलेई को 4 स्कूलों का जबकि लचोड़ी के दायरे में 8 वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं का दावा करके महामहिम को ज्ञापन दिया।