चंबा में गलती से जहरीला पदार्थ खाने के 2 मामले आए सामने

Friday, May 10, 2019 - 12:24 PM (IST)

चंबा/सलूणी (विनोद/शक्ति): पिछले 24 घंटों के दौरान जिला चंबा में गलती से जहरीला पदार्थ खाने के 2 मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में प्रभावितों को नाजुक हालत में उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज अस्पताल चंबा लाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार गुलजार पुत्र फिरोजदीन निवासी चुराह ने दवाई के बदले गलती से जहरीली दवाई खा ली। जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसने अपने घरवालों को इस बारे में जानकारी दी। घरवाले उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा ले गए, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद मैडीकल कॉलेज अस्पताल चंबा रैफर कर दिया गया। देर शाम को उसे मैडीकल अस्पताल चंबा पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है। 

दूसरा मामला सलूणी क्षेत्र में सामने आया। जहां उपमंडल की एक नाबालिग लड़की ने गलती से कोई जहरीली वस्तु खा ली। अचानक जब उसकी तबीयत खराब हुई तो उसके घरवालों को पूरे मामले में बारे में पता चला। उन्होंने उसे तुरंत उपचार के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के लिए उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किहार पहुंचाया गया। वहां से उसे उपचार के लिए मैडीकल कालेज अस्पताल चम्बा लाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों मामलों में जानकारी हासिल करने की प्रक्रिया को अंजाम दिया। दोनों मामलों में प्रथम दृष्टि में इसे मानवीय भूल पाया गया है। मामले की पुष्टि एस.पी. चम्बा डा. मोनिका ने की है।





 

Ekta