शादी समारोह से लौटते समय खाई में गिरी कार, एक की मौत

Tuesday, Jul 11, 2017 - 10:30 AM (IST)

मंडी (नीरज शर्मा): मंडी जिला के झटिंगरी गांव के पास एक कार के खाई में गिरने से एक महिला की मौत हो गई है जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा सोमवार शाम करीब 8.30 बजे हुआ। बताया जाता है कि कार में सवार सभी लोग उरला के रहने वाले हैं और शादी समारोह में भाग लेने के लिए बरोट गए हुए थे। वहां से वापिस लौटते समय झटिंगरी के पास यह हादसा हो गया। कार सड़क से करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरी है।


सभी आपस में बताए जा रहे हैं रिश्तेदार
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस की टीम और एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची। तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए पधर अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। मृतका की पहचान 45 वर्षीय श्यामी देवी के रूप में हुई है। घायलों में 28 वर्षीय श्याम लाल, 52 वर्षीय लाल सिंह और 35 वर्षीय डोला राम शामिल हैं। यह सभी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।