हिमाचल में कोरोना के खौफ के साथ सताएगा मौसम, 2 दिन यैलो व ऑरैंज अलर्ट जारी

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2020 - 10:46 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में कोरोना के खौफ के साथ मौसम भी खूब सताएगा। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश व बर्फबारी का दौर फि र शुरू हो गया है। प्रदेश की पर्वत शृंखलाओं पर शनिवार से रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है, वहीं राजधानी शिमला व मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ वर्षा का क्रम जारी है। मौसम में आए इस बदलाव से पारे में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड फि र लौट आई है।

मौसम विभाग ने शिमला सहित प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में 23 व 24 मार्च को अंधड़ के साथ भारी वर्षा, ओलावृष्टि और हिमपात होने की चेतावनी दी है। इसे लेकर यैलो व ऑरैंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में अगले 24 घंटों में मौसम के साफ  रहने का अनुमान है लेकिन उसके बाद आगामी 27 मार्च तक राज्य में मौसम के मिजाज बिगड़े रहेंगे। मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में 23 व 24 को वर्षा, ओलावृष्टि व हिमपात का यैलो अलर्ट जारी किया गया है।

यह अलर्ट हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, मंडी, सिरमौर, शिमला, सोलन, कांगड़ा, कुल्लू और चम्बा जिलों के लिए रहेगा। मध्यपर्वतीय इलाकों में 24 मार्च को ऑरैंज अलर्ट रहेगा। इस दौरान शिमला, कुल्लू और चबा जिलों में भारी ओलावृष्टि व हिमपात हो सकता है। इन 2 दिनों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अंदेशा है। राजधानी शिमला में सुबह के समय मौसम साफ  रहा लेकिन दोपहर होते-होते आसमान बादलों से घिर गया और गरज के साथ वर्षा का दौर शुरू हो गया, जिससे मौसम ठंडा हो गया।

शिमला में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलांग में खून जमा देने वाली सर्दी पड़ रही है और वहां तापमान -3.3 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 3, मनाली में 2.4, कुफ री में 4.9, भुंतर में 6.7, सोलन में 7, डल्हौजी में 7.2, चम्बा में 8.6, सुंदरनगर में 9.1, धर्मशाला में 9.2, कांगड़ा में 11.3, ऊना में 12, मंडी में 12.1, नाहन में 14.2 तथा हमीरपुर में 15.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News