ऊना में बारिश से मौसम कूल-कूल, 6.8 डिग्री नीचे लुढ़का तापमान

Tuesday, Jun 21, 2022 - 11:19 PM (IST)

ऊना (मनोहर): जिला ऊना के विभिन्न स्थानों पर हुई हल्की बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे मौसम कूल-कूल हो गया है। अधिकतम तापमान में 6.8 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जिलेभर में पिछले 2 दिनों से अनेक स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जबकि कई स्थान बारिश से वंचित भी रह रहे हैं लेकिन इस बारिश से लोगों को गर्मी से राहत अवश्य मिली है। इससे पहले जून माह में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे लोग गर्मी से बुरी तरह से झुलस रहे थे। उसके उपरांत 15 जून तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री से ऊपर ही रह रहा था। अब इस सप्ताह में हो रही बारिश के बाद गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग के सहायक अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक मंगलवार को ऊना का अधिकतम तापमान 28.2 तो न्यूनतम 21 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले सोमवार को ऊना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। एक ही दिन में अधिकतम तापमान 6.8 डिग्री सैल्सियस लुढ़का है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay