हिमाचल में ठंड हुई प्रचंड, 4 से 6 डिग्री सैल्सियस नीचे गिरा तापमान

Friday, Dec 28, 2018 - 12:49 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। बता दें कि तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की गिरावट आई है। शिमला में 26 दिसंबर की रात सीजन की सबसे सर्द रात रही है। शिमला का तापमान माइनस 0.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सीजन का सबसे कम तापमान रहा है लोग ठण्ड से बचने के लिए आग का सहारा ले रहे है। लाहौल स्पीति में पारा लगातार लुढ़क रहा है, जिससे चंद्रभागा नदी जमने लगी है। लाहौल स्‍पीति के ऊंचाई वाले अधिकतर जलस्रोत जम गए हैं, इससे पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। बर्फ़बारी के कारण रोहतांग दर्रा पहले ही बंद हो चुका है।

पर्यटन स्थलों में सैलानियो का सैलाब उमड़ेगा

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक हिमाचल में अगले दो दिन तक शीतलहर का प्रकोप यूं हीं बना रहेगा। आगामी 30 और 1 जनवरी से लेकर 3 जनवरी तक पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में बर्फ़बारी होने के आसार बने हुए है जिसकी वजह से ठण्ड और अधिक बढ़ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटे में तापमान 4 से 6 डिग्री की गिरावट आयी है जिससे पुरे प्रदेश में ठण्ड बढ़ गयी है। सबसे कम तापमान लाहौल स्पीती में -10 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुमान के मुताबिक नए साल में पर्यटकों को शिमला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ़बारी देखने को मिल सकती है। अगर बर्फबारी होती है तो नव वर्ष की संध्या के दौरान प्रदेश के पर्यटन स्थलों में सैलानियो का सैलाब उमड़ेगा। जिससे प्रदेश के पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को काफी फायदा होगा।

kirti