हम अापको डरा नहीं रहे, लेकिन इस पुल से गुजरने से पहले एक बार पढ़ लीजिए ये खबर

Friday, Nov 17, 2017 - 01:31 PM (IST)

चम्बा : बालू पुल पर अगर बड़े वाहन गुजारे गए तो किसी भी समय यह पुल ध्वस्त हो सकता है। इस स्थिति के बड़े स्तर पर जानमाल का नुक्सान हो सकता है। एन.एच.पी.सी. के बैरा-स्यूल प्रबंधन ने अपनी रिपोर्ट में जिला प्रशासन को इस बारे सूचना दी है। इस रिपोर्ट ने जिला प्रशासन को  चिंता में डाल दिया है तो साथ ही इस आशंका को मिटाने के लिए जिला प्रशासन ने अब शुक्रवार से सभी प्रकार के बड़े वाहनों को सरोथा मार्ग से आने-जाने के आदेश जारी करते हुए बालू पुल पर किसी भी प्रकार के बड़े वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। वीरवार दोपहर को डी.सी. चम्बा ने इस संदर्भ के सरकारी आदेश जारी कर दिए।
 

यह पुल बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए असुरक्षित 
डी.सी. चम्बा सुदेश मोख्टा ने कहा कि बैरा-स्यूल परियोजना प्रबंधन ने बालू पुल का निरीक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट में इस पुल को किसी भी प्रकार के बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए असुरक्षित बताया है। ऐसे में अब सरोल व साहो मार्ग की ओर से आने वाले किसी भी प्रकार के वाहन बसों व ट्रकों को शुक्रवार से वाया सरोथा होकर जिला मुख्यालय पहुंचना होगा और इसी मार्ग से बड़े वाहन वापस जाएंगे। डी.सी. चम्बा ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।