मौसम विभाग की चेतावनी, हिमाचल में 2 दिन जमकर बरसेंगे मेघ

Wednesday, Sep 12, 2018 - 08:59 PM (IST)

शिमला: प्रदेश में मानसून की वर्षा का क्रम जारी है। बुधवार को प्रदेश के मैदानी सहित मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होने की सूचना है। मानसून की वर्षा का क्रम आगामी दिनों में भी जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार 14 व 15 सितम्बर को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों के कुछेक भागों में भारी बारिश हो सकती है। बुधवार को जहां राजधानी शिमला में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे वहीं पालमपुर, पांवटा, पंडोह, घुमारवीं व धर्मशाला में हल्की बारिश दर्ज की गई है।

न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज
मानसून में बारिश के क्रम के चलते न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश भर में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे उतरा है। आगामी दिनों में बारिश का क्रम जारी रहने से तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। बुधवार को कुछेक स्थानों पर जहां हल्की बारिश हुई वहीं अधिकांश भागों में आसमान बादलों के ढका रहा। इस दौरान पालमपुर में 66 मिलीमीटर बारिश दर्ज की वहीं पांवटा में 40, पंडोह में 37, घुमारवीं में 20, धर्मशाला में 16 और गग्गल में 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Vijay