हौसले को सलाम, 20 फीट बर्फ में पैदल चलकर किए पवित्र कैलाश के दर्शन (PICS)

Thursday, May 02, 2019 - 04:07 PM (IST)

चंबा: 'मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है'। यह कहावत उस समय सच साबित हुई जब पंजाब के ट्रैकरों के साथ स्थानीय गाइडों ने 20 फीट बर्फ में 13 किमी पैदल चलकर पवित्र कैलाश के दर्शन किए। बता दें कि इन्होंने 2 दिन बर्फ में पैदल चलकर मणिमहेश पहुंचे।


29 अप्रैल को ट्रैकिंग दल हड़सर से डलझील के लिए रवाना हुआ था। इसमें पांच सदस्य पंजाब के और तीन लोकल गाइड शामिल थे। जिनकी मदद से ट्रैकिंग दल ने कठिन ट्रैक को पार करने में सफलता हासिल की। हालांकि यह सफर रोमांचक होने के साथ ही खतरनाक भी था। जानकारी के मुताबिक 29 अप्रैल को सुबह के समय हड़सर से मणिमहेश को रवाना ट्रैकिंग दल रात को धन्छौ पहुंचा। इतना ही नहीं इन्होंने सारी रात टैंट में बिताई।


अगले दिन 30 अप्रैल को सुबह ही धन्छौ से मणिमहेश के लिए यह दल रवाना हो गया। यहां पर दल के सभी सदस्यों ने कैलाश पर्वत के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि झील बर्फ से ढकी हुई थी। इसके साथ ही झील किनारे स्थापित भगवान शिव की मूर्ति और त्रिशूल को भी दल के सदस्य नहीं देख पाए। दरअसल यह स्थान बर्फ में दबे हुए थे। देर शाम दल हड़सर पहुंच गया। ट्रैकिंग दल ने बताया कि अप्रैल माह में इतनी ज्यादा बर्फ उन्होंने पहले कभी मणिमहेश में नहीं देखी।

Ekta