BPL में रहने के लिए करनी होगी मजदूरी

Tuesday, Jun 12, 2018 - 12:01 PM (IST)

भोरंज: हमीरपुर में विकास खंड भोरंज की विभिन्न पंचायतों के अंतर्गत पंचायत द्वारा करवाए जा रहे मनरेगा कार्यों के अलावा अन्य किसी भी तरह के विकास कार्यों में संबंधित पंचायत के ऐसे बी.पी.एल. परिवारों जिनका नाम इस सूची में शामिल है। उनको मजदूरी का काम करना अनिवार्य होगा और जो भी परिवार इसमें अपनी भागीदारी अदा नहीं करेगा, उसे संबंधित पंचायत बी.पी.एल. में अयोग्य घोषित कर बाहर का रास्ता भी दिखा सकती है। उपमंडल की ग्राम पंचायत भोरंज के पंचायत प्रधान द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि पंचायत के अधिकार क्षेत्र में जितने भी विकास कार्य पंचायत द्वारा करवाए जाएंगे, वे किसी भी हैड के हों, उन सभी कार्यों में बी.पी.एल. परिवारों के लोगों को रोजगार दिया जाएगा।

इन परिवारों को बी.पी.एल. के लिए अयोग्य घोषित समझा जाएगा
नोटिस में यह बात भी स्पष्ट की गई है कि पंचायत द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों में यदि परिवारों के लोग मजदूरी नहीं करते हैं तो पंचायत यह समझेगी कि ऐसे परिवार जोकि काम नहीं कर रहे हैं। उन्हें रोजगार की जरूरत नहीं है और इन परिवारों को बी.पी.एल. के लिए अयोग्य घोषित समझा जाएगा। यानी इस सूची में रहना है तो मजदूरी करना जरूरी है। पंचायत प्रधान भोरंज गरीब दास का कहना है कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन कर रहे लोगों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए मनरेगा के अलावा अन्य किसी भी तरह के विकास कार्यों में रोजगार देकर उनका व उनके परिवार के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सकता है व साथ ही अपात्र लोगों को अयोग्य घोषित करने में भी पंचायत को सहयोग मिलेगा, जिसके लिए पंचायत के वार्ड सदस्यों व नोटिस द्वारा लोगों को सूचित भी किया जा रहा है।  

kirti