राष्ट्रपति चुनाव : हिमाचल विधानसभा में सोमवार को होगी Voting,जानिए कितने विधायक लेंगे भाग

Sunday, Jul 16, 2017 - 08:21 PM (IST)

शिमला (राजीव चौहान): राष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर देशभर में सोमवार को मतदान होगा। हिमाचल में भी सोमवार सुबह विधानसभा परिसर में मतदान होगा। विधानसभा परिसर में मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के 67 विधायक मतदान में भाग लेंगे। चुनाव के तहत प्रदेश विधानसभा परिसर में सुबह10 से सायं 5 बजे तक मतदान होगा। कांग्रेस के पास वर्तमान में 37 तथा भाजपा के पक्ष में 30 विधायकों का समर्थन है। राष्ट्रपति चुनाव में प्रदेश के प्रत्येक विधायक के वोट की वैल्यू 51 है। चुनाव को लेकर मतदान से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में होगी। 

हिमाचल विस में 67 विधायक और 7 सांसद 
प्रदेश विधानसभा में कुल 68 विधायक हैं। आयुर्वेद मंत्री कर्ण सिंह के आकस्मिक निधन के बाद फिलहाल बंजार से विधानसभा में कोई विधायक नहीं है। लिहाजा विधायकों की संख्या 67 है। प्रदेश के विधायकों के वोट की वैल्यू 51 है। इस तरह 67 विधायकों के मतों की कुल वैल्यू 3417 होगी। क्रॉस वोटिंग होने की स्थिति में हिमाचल से मीरा कुमार को 1880 तथा रामनाथ कोविंद को 1530 वोट मिलेंगे। सांसदों के मतों की गणना भी हिमाचल के कोटे में होने की स्थिति में यहां भाजपा का पलड़ा भारी रहने की उम्मीद है। प्रत्येक सांसद के वोट की वैल्यू 708 है। भाजपा के पास 5 तथा कांग्रेस के 2 सांसद प्रदेश से हैं। 

सर्मथन मांगने हिमाचल आ चुके हैं रामनाथ-मीरा
एन.डी.ए. के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद के साथ ही कांग्रेस नीत गठबंधन की उम्मीदवार मीरा कुमार बीते दिनों ही हिमाचल में सर्मथन मांगने आईं थीं। इस दौरान कांग्रेस व भाजपा ने अपनी-अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को सर्मथन देने का प्रस्ताव बैठक में पारित किया था।