ज्वालामुखी खुंडिया मार्ग चट्टान गिरने से बंद, घंटो फंसे रहे यात्री

Saturday, Mar 14, 2020 - 03:06 PM (IST)

ज्वालामुखी (पंकज शर्मा) : ज्वालामुखी खुंडिया मार्ग में शनिवार को सुबह घंटों तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। इस वजह से यहां से गुजरने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसकी वजह यह रही कि सुरानी के समीप पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से बड़ी चट्टानें मार्ग के पास गिर गईं। दूसरा शनिवार होने के कारण घंटो तक मार्ग पर प्रशासन गायब रहा, बड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने विभाग को सूचना दी उसके बाद जेसीबी लगाकर मार्ग खोला गया।

सुरानी से एक किलोमीटर नीचे खुंडिया मार्ग पर पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान सड़क पर आ गिरी। इसके अलावा मलबा भी सड़क पर बिखर गया। इससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप्प हो गई। ज्वालामुखी से खुंडिया व पालमपुर के लिए निकले लोगों ने मार्ग बंद होने की सूरत में अपने रिस्क पर पैदल यहां पहाड़ी के नीचे से आवाजाही की। काफी देर बाद मशीनरी ने मार्ग बहाल करने का कार्य शुरू किया। करीब एक बजे मार्ग बहाल हुआ। गौरतलब है कि सुरानी खुंडिया मार्ग पर जगह-जगह पहाड़ियों से अकसर भूस्खलन होता रहता है। इस कारण यहां घंटों वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।
 

kirti