Himachal: दुकानदार का बेटा प्रदेश में 2nd Rank हासिल कर बन गया 'सिविल जज', जानें किसे दिया अपनी सफलता का श्रेय

punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 04:29 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर जिला के कल्लर निवासी विशाल ठाकुर ने एक बार फिर अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवा परीक्षा में उन्होंने प्रदेशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उनका चयन सिविल जज एवं ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के पद पर हुआ है।

विशाल की यह तीसरी उपलब्धि है। इससे पहले वे उत्तराखंड न्यायिक सेवा 2022-23 में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर जज बने थे, साथ ही उनका चयन उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में भी हुआ था और वर्तमान में वे नैनीताल में बतौर जज सेवाएं दे रहे हैं। उनके पिता नंदलाल ठाकुर दुकानदार हैं जबकि माता बिन्द्रा ठाकुर गृहिणी हैं। छोटे भाई विकास ठाकुर भी न्यायिक सेवा में हैं। उनका हाल ही में हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवा में सिविल जज एवं ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट पद पर चयन हुआ है। इससे पहले वे मध्यप्रदेश न्यायिक सेवा में जज रह चुके हैं।

विशाल ठाकुर ने अपनी एलएलबी एवं एलएलएम की पढ़ाई पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से की है। स्कूली शिक्षा मिनर्वा सीनियर सैकेंडरी स्कूल घुमारवीं से पूरी की। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी एलएलएम प्रवेश परीक्षा में देशभर में चौथा स्थान तथा एनएलयू दिल्ली एलीट-2021 एलएलएम प्रवेश परीक्षा में दूसरा स्थान प्राप्त किया था।

विशाल ठाकुर ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार को दिया है। उन्होंने कहा कि यह मेरे माता-पिता के संघर्ष और आशीर्वाद का ही परिणाम है कि आज उनके दोनों बेटे न्यायिक सेवा में हैं। उन्होंने कहा कि यदि ठान लिया जाए और पूरी मेहनत की जाए तो कोई भी मंजिल पाना असंभव नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News