वीरेंद्र कश्यप बोले- कांग्रेस अटकेगी 8 के आर, BJP 60 का आंकड़ा पार कर रचेगी इतिहास

Monday, Jul 24, 2017 - 02:11 PM (IST)

मनाली: सांसद एवं भाजपा अनुसूचित जाति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश में दलित समुदाय जाग चुका है अब दलितों की क्रांति कांग्रेस को ले डूबेगी। कांग्रेस ने दलितों का इस्तेमाल किया है इसलिए उन्होंने अब भाजपा को सत्तासीन करने का मन बना लिया है। कश्यप रविवार को भाजपा मनाली मंडल अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा आयोजित दलित स्वाभिमान सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे थे। उन्होंने कहा कि दलितों की क्रांति के चलते कांग्रेस 8 सीटों में ही अटककर रह जाएगी जबकि भाजपा 60 का आंकड़ा पार कर इतिहास रचेगी।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का केंद्र बिंदु ही गरीब परिवार  
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का केंद्र बिंदु ही गरीब परिवार है। केंद्र की नीतियों के चलते अब गरीबों की नैया पार लगने वाली है। उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए 1000 परिवारों का हार पहनाकर भाजपा की ओर से स्वागत किया। कश्यप ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर प्रहार करते हुए कहा कि सी.एम. बताएं कानून व्यवस्था कहां है। गुड़िया मामले पर सी.एम. समय रहते नींद से जाग जाते तो हत्यारे अब तक सलाखों के पीछे होते, लेकिन अब पुलिस और सरकार हत्यारों को बचाने में लगी हुई है। कश्यप ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री से आग्रह किया गया है सी.बी.आई. द्वारा इस मामले से शीघ्र पर्दा उठवाया जाए। विधायक गोविंद ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने साढ़े 4 वर्ष मनाली की अनदेखी की है जिसका उन्हें विधानसभा चुनावों में खमियाजा भुगतना पड़ेगा।