टिकट के लिए दावेदारी ठोकने वाले वीरेन्द्र कश्यप ने नहीं छोड़ी आस

Thursday, Mar 21, 2019 - 11:35 AM (IST)

सोलन (पाल): शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा ने सांसद वीरेन्द्र कश्यप के साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल व पच्छाद से विधायक सुरेश कश्यप का नाम पैनल में शामिल किया है जबकि टिकट के लिए दावेदारी ठोकने वाले और कोर कमेटी के निर्णय पर सवाल उठाने वाले एच.एन. कश्यप टिकट की रेस से बाहर हो गए हैं। हालांकि उन्होंने अभी टिकट की आस नहीं छोड़ी है। मजेदार बात यह है कि भाजपा ने महिला प्रत्याशी का विकल्प भी शिमला संसदीय क्षेत्र में खुला रखा है। भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड हिमाचल से एक सीट महिला कोटे को देता है तो ऐसे में भाजपा शिमला संसदीय क्षेत्र से महिला को टिकट देगी।

केंद्रीय संसदीय बोर्ड 22 मार्च को हिमाचल की चारों सीटों के लिए प्रत्याशियों का चयन करेगा। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। भाजपा ने शिमला व मंडी संसदीय क्षेत्र से टिकट के 3-3 दावेदारों का पैनल बनाया हुआ है। यहां पर विदित रहे कि बद्दी में आयोजित हुई भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में चारों सांसदों के नामों पर सहमति हो गई थी लेकिन इसी बीच शिमला व मंडी संसदीय क्षेत्रों में टिकट के दावेदारों ने कोर ग्रुप की बैठक के निर्णय पर ही सवाल खड़े कर दिए जिसके कारण भाजपा प्रदेश हाईकमान को शिमला व मंडी संसदीय क्षेत्र से पैनल बनाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। दिलचस्प बात यह है कि कोर गु्रप के निर्णय पर जिसने सबसे अधिक सवाल उठाए उसे पार्टी हाईकमान ने पैनल में शामिल ही नहीं किया।
 

Ekta