ऊर्जा मंत्री के बयान पर वीरेंद्र कंवर की टिप्पणी, सुखराम पर साधा निशाना

Thursday, Apr 11, 2019 - 04:12 PM (IST)

बंगाणा: ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा के बयान पर टिप्पणी करते हुए कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि वह अपने दिल का बोझ और धर्म संकट जल्द खत्म करें। प्रदेश की जनता को बताएं कि वह उस पार्टी के साथ हैं, जिसमें वह मंत्री पद पर बैठे हैं या फिर परिवार के साथ। वह पार्टी के साथ हैं तो एक कर्मठ कार्यकर्ता होने के नाते चुनाव प्रचार में जुट जाएं। अनिल शर्मा के पिता का अपमान करने वाली कांग्रेस के लिए उनके दिल में अगर इतना ही प्यार का सागर हिलोरे मार रहा है तो वह भाजपा का साथ छोड़कर उसी दल में शामिल हो जाएं। उन्होंने अनिल शर्मा के उस बयान की भी आलोचना कि जिसमें उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री तो बाईचांस बनते हैं लेकिन नेता बनने में समय लगता है।

इतने ही बड़े कांग्रेसी नेता थे तो मुख्यमंत्री क्यों नहीं बने सुखराम

उन्होंने सवाल किया कि अगर पंडित सुखराम इतने ही बड़े कांग्रेसी नेता थे तो वह प्रदेश के लोगों को बताएं कि मुख्यमंत्री क्यों नहीं बन पाए। उम्र के इस पड़ाव पर आकर सुखराम वीरभद्र सिंह के गले लगकर फोटो खिंचवा रहे हैं जबकि दोनों की लड़ाई की वजह से हिमाचल प्रदेश में करोड़ों रुपए के प्रोजैक्ट लटके, जिसकी वजह से प्रदेश की जनता को नुक्सान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर न सिर्फ मुख्यमंत्री हैं बल्कि लोकप्रिय नेता भी हैं।

सुखराम परिवार दल-बदलुओं का परिवार

उन्होंने कहा कि सुखराम परिवार दल-बदलुओं का परिवार है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में जब भी राजनीति का इतिहास लिखा जाएगा, तो दल-बदल परंपरा का कलंक इस परिवार के सिर-माथे आएगा। सुखराम परिवार 5वीं बार पाला बदलकर हिमाचल की समृद्ध संस्कृति का भी अपमान करने पर तुला है तथा यह बात अब लोगों को स्पष्ट हो गई है कि एक परिवार सुविधा की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि सुखराम मंडी संसदीय सीट पर अपना पूरा जोर लगा लें लेकिन जीत भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा की ही होगी। मंडी की जनता चुनाव में सुखराम परिवार को माफ नहीं करेगी। भाजपा सिर्फ मंडी ही नहीं बल्कि प्रदेश की चारों सीटें जीतेगी और नरेंद्र मोदी एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

Vijay