वीरभद्र-विक्रमादित्य के BJP से गुप्त समझौते जगजाहिर, जल्द करूंगा बड़ा खुलासा : बबलू पंडित

Saturday, Jan 19, 2019 - 05:30 PM (IST)

बद्दी (संजीव बस्सी): इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बबलू पंडित ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनके विधायक बेटे विक्रमादित्य सिंह पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वीरभद्र व उनके परिवार के भाजपा के साथ गुप्त समझौते जगजाहिर हो चुके हैं। जल्दी ही इनके बारे में एक और बड़ा खुलासा करूंगा। उन्होंने कहा कि युकां के पूर्व अध्यक्ष विक्रमादित्य बताएं कि आज तक उन्होंने कितने कांग्रेस नेताओं को घर जाकर जन्मदिन की बधाई दी जो सी.एम. को जन्मदिन की बधाई देने पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वीरभद्र परिवार की दिल्ली में भी भाजपा नेताओं से सांठगांठ है, जिनकी मदद वह सी.बी.आई.-ई.डी. और आयकर एजैंसियों से बचने के लिए लेते रहते हैं। उन्हें भाजपा की बी टीम कहने से पहले वीरभद्र व विक्रमादित्य अपने अंदर झांक कर देखें कि ओकओवर में भाजपा नेताओं के साथ उनकी कितनी गुप्त बैठकें और समझौते हुए हैं।

वीरभद्र और विक्रमादित्य के पाले गुंडों ने किया हिंसा का नंगा नाच

उन्होंने कहा कि नए प्रदेशाध्यक्ष के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भी वीरभद्र और विक्रमादित्य के पाले हुए गुंडों ने हिंसा का नंगा नाच किया। इंटक के पदाधिकारी राजीव राणा की सुनियोजित तरीके से जान लेने की कोशिश की गई। वे जानना चाहते हैं कि क्या कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और निवर्तमान अध्यक्ष सुखविंदर सूक्खू के नारे लगाना गलत है। क्या वीरभद्र व विक्रमादित्य ने इनके नारे लगने पर पहले ही साथ लाए गुंडों को मारपीट करने की हिदायत दे रखी थी। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की साक्षात गुंडागर्दी का यह पहला नमूना नहीं है, परवाणु में आनंद शर्मा, पूर्व सीएम ठाकुर रामलाल, नवनियुक्त अध्यक्ष कुलदीप राठौर भी उनके इशारे पर बदसलूकी झेल चुके हैं।

मैं मजदूर नेता, चुनकर बना इंटक अध्यक्ष

उन्होंने बताया कि वह मजदूर नेता हैं। जिस फोटो को विक्रमादित्य दिखाकर मुझे भाजपा की बी टीम बता रहे हैं, वह फोटो 8 साल पहले का एक मजदूर सम्मेलन का है। ऐसे तो विक्रमादित्य के भी अनुराग ठाकुर के साथ कई फोटो हैं। वह चुनकर इंटक अध्यक्ष बने हुए हैं और कांग्रेस से जुड़े इस संगठन को मजबूत करने में लगे हैं जो वीरभद्र परिवार को रास नहीं आ रहा।

कांग्रेस और राहुल गांधी के लिए करता रहूंगा काम

उन्होंने कहा कि इंटक पर पहले एक ही परिवार का राज था। आम मजदूर उसमें पदाधिकारी नहीं बन सकता था। उनके चहेते ही पदाधिकारी होते थे व इंटक की कमान संभालने वाला परिवार संगठन की बजाय खुद को ही मजबूत करता रहा। अब संगठन मजबूत हो रहा है तो बौखलाहट में उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए काम करते रहेंगे।

Vijay