वीरभद्र ने साधा निशाना, कहा-भाजपा के लोग गाली देने में माहिर

Wednesday, May 17, 2017 - 12:12 AM (IST)

अर्की: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र के एक दिन के दौरे चौगान में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरे प्रदेश का एक समान विकास किया है। भाजपा जब भी सत्ता में आई है उसने क्षेत्रवाद के नाम पर विकास किया तथा प्रदेश को ऊपर व नीचे के नाम पर बांटा है। भाजपा के लोग अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं तथा वे गाली देने में माहिर हैं। उन्हें गाली देने के अलावा कुछ नहीं आता है। भाजपाई सत्ता में आने पर विपक्षी विधायकों के क्षेत्र में कोई कार्य नहीं करते हैं जबकि कांग्रेस सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास करती है। 

दाड़ला में डिग्री कालेज खोलने की घोषणा 
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में 4 वर्षों के दौरान 120 कालेज तथा 5 मैडीकल कालेज खोले हैं। प्रदेश सरकार ने केन्द्र व अन्य वित्तीय संस्थाओं से मिली धनराशि का समय पर उपयोग किया है। इसके लिए प्रदेश को सुशासन का पुरस्कार भी मिला है। प्रदेश में अगली सरकार भी कांग्रेस की होगी। उन्होंने कहा कि शिमला के लिए सतलुज नदी से पेयजल योजना मंजूर की गई है जिससे अब राजधानी में पानी की कोई कमी नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने दाड़ला में डिग्री कालेज खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने अर्की अस्पताल में 100 बिस्तर लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कन्या पाठशाला व छात्र पाठशाला के बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने पर 10,000-10,000 रुपए देने का ऐलान भी किया।

कांग्रेस संगठन के चुनाव पर लिखूंगा पुस्तक
जनसभा में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के  संगठन चुनावों पर भी खुब तंज कसा तथा कहा कि अब तक हुए कांग्रेस के संगठन के चुनाव को लेकर वे एक पुस्तक लिखेंगे जिसमें आज तक संगठन के हुए चुनावों का पूरा ब्यौरा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन में पारदॢशता के साथ चुनाव होने चाहिए तथा सभी कार्यकर्ताओं को फार्म दिए जाने चाहिए। जब मंच पर एक दो नेताओं ने फार्म न मिलने की बात कही तो मुख्यमंत्री ने कहा कि वे भी इसके  भुक्तभोगी रहे है तथा कई बार उन्हें भी फार्म नहीं मिले जबकि वे 4 बार कांग्रेस के चुने हुए प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं।  संगठन में ओहदे चुनाव के जरिए ही मिलने चाहिए।  कांग्रेस के चुनाव में पी.सी.सी. के दफ्तर में बैठकर ही कर दिए जाते हैं, जिसके वे खिलाफ हैं।