दिल्ली में राहुल की ताजपोशी के दौरान मौजूद रहेंगे वीरभद्र-सुक्खू

Saturday, Dec 16, 2017 - 12:36 AM (IST)

शिमला: राहुल गांधी आधिकारिक तौर पर शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालेंगे। पार्टी के अध्यक्ष पद पर उनकी होने वाली ताजपोशी के दौरान हिमाचल से भी कई नेता मौजूद रहेंगे। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शुक्रवार को दिल्ली रवाना हुए। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पहले से ही परिवार सहित दिल्ली में हैं और उनका राहुल की ताजपोशी के बाद शनिवार को ही शिमला लौटने का कार्यक्रम है। पूर्व केेंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर, विद्या स्टोक्स, मुकेश अग्रिहोत्री, जी.एस. बाली, सुधीर शर्मा, कर्नल धनीराम शांडिल, आशा कुमारी, विप्लव ठाकुर व राजेश धर्माणी सहित अन्य भी ताजपोशी कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। विशेष है कि राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के लिए अन्य राज्यों की तरह प्रदेश कांग्रेस ने भी सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर हाईकमान को भेजा था। हिमाचल और गुजरात में चुनाव परिणाम घोषित होने से 2 दिन पहले राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी संभालेंगे।

सभी राज्याध्यक्षों की लेंगे बैठक
राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद जल्द ही सभी राज्यों के पार्टी अध्यक्षों की बैठक लेंगे। सूचना के अनुसार 28 दिसम्बर को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर दिल्ली में अहम बैठक आयोजित की जा सकती है। इस बैठक में ऐसे राज्य जहां संगठनात्मक चुनाव नहीं हुए हैं, उन राज्यों में संगठनात्मक चुनाव करवाए जाने पर भी चर्चा होगी। इस फेहरिस्त में हिमाचल प्रदेश भी शामिल है।

अब बजेगा संगठनात्मक चुनाव का बिगुल
राहुल गांधी की ताजपोशी के बाद प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों की घोषणा कभी भी हो सकती है। प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव विस चुनाव के परिणाम आने के बाद तय माने जा रहे हैं। गौर हो कि विधानसभा चुनाव के चलते प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक चुनावों को रद्द करवा दिया गया था। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक प्रस्ताव भी पारित किया था और इसके तहत विस चुनाव के बाद संगठनात्मक चुनाव करवाने का आग्रह हाईकमान से किया गया था।