वीरभद्र बोले- किरदार से जीते जाते हैं चुनाव, नाम के आगे CM लगाने से नहीं

Wednesday, Jan 18, 2017 - 10:14 AM (IST)

पालमपुर: मुख्यमंत्री ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने किरदार से जीतता है, मात्र नाम के आगे सी.एम. लगाने से नहीं। मुख्यमंत्री ने धीरा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कई मुख्यमंत्री भी पूर्व में चुनाव हार चुके हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा था कि यदि उनके नाम के आगे भी सी.एम. लग जाए तो कांग्रेस के अनेक नेता भी कहीं से चुनाव जीत सकते हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में मुख्यमंत्री ने यह ताजा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुक्खू पद की गरिमा के अनुरूप बयान दें तथा अपने दायित्व को भलिभांति निभाएं। उन्होंने संगठन व सरकार के मध्य किसी भी प्रकार के मतभेद को नकारते हुए कहा कि दोनों सामंजस्य से अपना कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सुक्खू उनके लिए अध्यक्ष हैं तथा जब तक अध्यक्ष हैं उन्हें मान्य हैं।

सरकार नए जिले बनाने की पक्षधर नहीं
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को सुलह विधानसभा दौरे के दौरान जिला के गठन को लेकर अपनी असहमति जताई तथा उन्होंने कहा कि उनकी सरकार नए जिले बनाने की पक्षधर नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका मानना यह है कि जो जिलों के रख-रखाव के लिए खर्च किया जाए उसकी जगह उस पैसे को विकास में लगाया जाए। उन्होंने कहा कि यह लोक लुभावन नारे केवल भाजपा के लोग ही दे सकते हैं जबकि वह इसके हक में नहीं हैं। 

स्पोर्ट्स बिल को लटकाना गलत
स्पोर्ट्स बिल बारे मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 2 साल पहले स्पोर्ट्स बिल को पास होने के लिए राज्यपाल के पास भेजा गया है लेकिन उसे पास नहीं किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2 राज्यपाल भी रहे लेकिन किस कारण से यह बिल लटकाया जा रहा है, उनकी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि यह कानूनी तौर पर भी गलत है लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं है कि किस कारण से इस बिल को लटकाया जा रहा है। 

भोरंज उपचुनाव अग्रिपरीक्षा नहीं 
वीरभद्र सिंह ने ईश्वर दास धीमान की मृत्यु के पश्चात रिक्त हुई भोरंज विधानसभा सीट पर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व उपचुनाव होने को विधानसभा चुनाव के लिए अग्नि परीक्षा मानने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों चुनाव के समय माहौल अलग-अलग होगा। कांग्रेस पार्टी इस उपचुनाव को जीतने के लिए पूरा प्रयास करेगी। 

प्रदेश में समय पर ही होंगे चुनाव 
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पंजाब विधानसभा के चुनाव परिणाम किसी भी पक्ष में जाएं प्रदेश में चुनाव समय पर ही होंगे तथा कांग्रेस पुन: सत्ता प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए मुख्य संसदीय सचिव या बोर्ड अध्यक्ष-उपाध्यक्ष अब नहीं बनाए जाएंगे चूंकि प्रदेश में चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में इस प्रकार की कोई नियुक्ति नहीं की जाएगी। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नड्डा बनें या धूमल कोई फर्क नहीं
इस दौरान जब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को बनाए जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। चाहे भाजपा अध्यक्ष धूमल, नड्डा या कोई बैरिस्टर बने सबका स्वागत है।

बाली मेरे ए.डी.सी. नहीं
मुख्यमंत्री से जब उनकी जनसभाओं में तथा जिला कांगड़ा के उनके प्रवास के दौरान जिला के मंत्री जी.एस. बाली के नदारद रहने बारे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह उनके ए.डी.सी. नहीं जो हर कार्यक्रम में आएंगे। उन्होंने कहा कि जिस विभाग का कार्यक्रम होता है, उसी विभाग का मंत्री उनके साथ होता है।