वीरभद्र सिंह ने ली चुटकी, बोले-सिकरीधार व शांता एक-दूसरे को न छोड़ें तो बेहतर है (Video)

Thursday, May 09, 2019 - 12:03 PM (IST)

चम्बा (विनोद): चुनाव आयोग ने कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल को नोटिस जारी किया है, उससे पवन काजल को कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस के स्टार प्रचारक व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सुरंगानी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि पवन काजल को तो इस बारे में कोई जानकारी तक नहीं है। शांता कुमार द्वारा पिछले दिनों जिला चम्बा में चुनावी दौरे पर फिर से सिकरीधार सीमैंट प्लांट की बात पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अच्छा है कि दोनों एक-दूसरे को न छोड़ें। उन्होंने कहा कि जहां तक शांता कुमार कांग्रेस पार्टी को सर्कल की संज्ञा दे रहे हैं तो वह सही मायने में अपशब्द का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी व आज भी सबसे मजबूत पार्टी है।

कांग्रेस पार्टी के पास एक से एक सशक्त नेता

शांता कुमार द्वारा कांग्रेस के चारों प्रत्याशियों को उधार का प्रत्याशी कहे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास एक से एक सशक्त नेता हैं और पार्टी ने जिसे काबिल समझा उसे चुनावी मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की जनता भाजपा का असली चेहरा देख चुकी है इसलिए अब कांग्रेस पार्टी और उसके प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब चाहे जो मर्जी नारा लगाए देश व प्रदेश की जनता उसके झांसे में नहीं आने वाली है।

ओवर कॉन्फिडैंट होकर चल रही भाजपा

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों ने अपने लगभग सभी चुनावी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर लिया है जबकि भाजपा अभी तक ऐसा नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ओवर कॉन्फिडैंट होकर चल रही है। वह इस बात को भूल चुकी है कि वाजपेयी के जमाने में भी साइनिंग इंडिया का नारा लगा था, जिसे देश की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया था।

Vijay