हरिद्वार में इस दिन विसर्जित की जाएंगी वीरभद्र सिंह की अस्थियां, 71 ब्लॉकों में भी भेजा जाएगा अस्थि कलश

punjabkesari.in Sunday, Jul 11, 2021 - 10:28 PM (IST)

शिमला (राक्टा): जनता के दिलों में राज करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की अस्थियों का विसर्जन 17 जुलाई को हरिद्वार में किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस के सभी 71 ब्लॉकों में भी अस्थि कलश को भेजा जाएगा, जहां स्थानीय पार्टी नेता, कार्यकर्ता व आमजन अपने चहेते नेता वीरभद्र सिंह की अस्थियों को प्रदेश की प्रमुख नदियों सतलुज, ब्यास, चिनाब, रावी व टौंस सहित अन्य संगम स्थलों पर विसर्सित करेंगे। सूचना के अनुसार स्व. वीरभद्र सिंह के बेटे एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्य 16 जुलाई को हरिद्वार के लिए रवाना होंगे और अगले दिन वहां अस्थियां विसर्जित करेंगे।

16 जुलाई को ब्लॉक स्तर पर पहुंच जाएंगे अस्थि कलश

जानकारी है कि 15 जुलाई को रामपुर के पद्म पैलेस से अस्थि कलश को सभी ब्लॉकों के लिए भेजा जाएगा। 16 जुलाई को अस्थि कलश ब्लॉक स्तर पर भी पहुंच जाएंगे। ब्लॉक अध्यक्षों की इसके लिए ड्यूटियां तय कर दी गई हैं। 17 जुलाई को ब्लॉक कांग्रेस कार्यालयों से अस्थियों को विसर्जन के लिए ले जाया जाएगा। पहले माना जा रहा था कि वीरभद्र सिंह की अस्थियों को तांदी संगम में प्रवाहित किया जाएगा लेकिन अब हरिद्वार सहित सभी ब्लॉकों में अस्थियों का विसर्जन करने का निर्णय लिया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने संपर्क किए जाने पर माना कि 17 जुलाई को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अस्थियांं हरिद्वार में विसर्सित की जाएंगी। 

लाखों लोगों के दिलों पर किया राज

6 बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह को आधुनिक हिमाचल का निर्माता भी कहा जाता है। उन्होंने लाखों लोगों के दिलों पर राज किया। जिस तरह का जनसैलाब उनकी अंतिम यात्रा में जुटा उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेशभर में उनके कितने चाहवान थे। इसलिए सभी लोगों तक उनके अस्थि कलश को पहुंचाने की योजना बनाई गई है। 

रिज पर स्थापित की जाए प्रतिमा : यदोपति 

युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर ने सरकार से रिज मैदान पर पूर्व सी.एम. स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि जहां प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार को हिमाचल प्रदेश का निर्माता माना जाता है, वहीं वीरभद्र सिंह को आधुनिक हिमाचल का निर्माता कहा जाता है। ऐसे में सरकार जनमानस की भावनाओं को समझते हुए रिज मैदान में उनकी प्रतिमा स्थापित करे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News