Watch Video: HAS अधिकारियों को CM ने दिया न्यू ईयर गिफ्ट

Monday, Dec 05, 2016 - 12:22 PM (IST)

शिमला (विकास शर्मा): मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक अधिकारियों के लिए 3000 रुपए की विशेष वेतन बढ़ौतरी तथा एच.ए.एस. कैडर के विशेष सचिवों के लिए एक सम्बद्ध वाहन की घोषणा की। वह शनिवार की शाम शिमला में एच.ए.एस. अधिकारियों के वार्षिक सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे थे। 


उन्होंने कहा कि वह एच.ए.एस. अधिकारियों के साथ एक लम्बे अर्से से कार्य करते आ रहे हैं तथा उनका मानना है कि ये अधिकारी सदा समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावी तथा कुशलता से सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्य क्षेत्र में ये अधिकारी सरकार का चेहरा हैं, इसलिए उन्हें इस प्रकार कार्य करना चाहिए जिससे सरकार की छवि सदा श्रेष्ठ बनी रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सदा बेहतर कार्य परिस्थितियां एवं अनुकूल कार्य वातावरण प्रदान करने का प्रयत्न किया है और अधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कदम उठाए हैं।


मुख्यमंत्री ने एच.ए.एस. अधिकारियों की अन्य मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भी आश्वासन दिया। इससे पूर्व संघ के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने अन्य गणमान्यों के मुख्यमंत्री का स्वागत तथा सम्मान किया। संघ के महासचिव राम कुमार गौतम ने भी संघ की विभिन्न मांगों के बारे में अवगत कराया। इस अवसर पर राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष हर्ष महाजन, मुख्य सचिव  वी.सी. फारका, अतिरिक्त मुख्य सचिव तरूण श्रीधर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।