जमानतों के चक्कर में हिमाचल को भूले वीरभद्र सिंह : सत्ती

Sunday, Nov 05, 2017 - 05:12 PM (IST)

ऊना: पिछले चुनावों में कांग्रेस ने घोषणा पत्र में किए वायदे पूरे नहीं किए हैं और अब जनता इसका बदला लेगी और हिमाचल में भाजपा की सरकार बनाएगी। यह बात ऊना में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता गुडिय़ा कांड नहीं चाहती और न किसी अन्य होशियार सिंह के शव को पेड़ पर लटकता देखना चाहती है। जनता अब कांग्रेस को सबक सिखाने वाली है और जमानती मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सहित कांग्रेस को नकारने वाली है। 

धूमल बनेंगे मुख्यमंत्री, हिमाचल के विकास पर होगा पूरा ध्यान
उन्होंने कहा कि अपने 5 वर्षों के कार्यकाल में मुख्यमंत्री को अपनी व पत्नी और बच्चों की जमानतों की चिंता रही। दिल्ली में भी वह हिमाचल के हितों के लिए नहीं बल्कि जमानतें करवाने के लिए वकीलों के दफ्तरों और अदालतों के चक्कर काटते रहे हैं। वीरभद्र जमानतों के चक्कर में हिमाचल के हित भूल गए और विकास ठप्प पड़ा रहा। अब प्रो. धूमल मुख्यमंत्री बनेंगे जिनका पूरा ध्यान हिमाचल के विकास पर होगा।