वीरभद्र बोले- सदन में गुंडों की तरह बात करते हैं BJP विधायक

Thursday, Aug 24, 2017 - 09:37 AM (IST)

शिमला (पत्थरिया): मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विपक्षी भाजपा पर गुंडागर्दी की भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सदन के भीतर भाजपा ने जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया है, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कड़वी बात को भी शालीनता के साथ रखा जा सकता है, लेकिन विपक्ष के सदस्य गुंडों की तरह व्यवहार कर रहे हैं। वीरभद्र सिंह विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक लाभ लेने के लिए गुड़िया मामले में लोगों की भावनाओं को भड़काने का काम कर रही है, ताकि इसका सियासी लाभ उठाया जा सके।


इस प्रकरण को लेकर विपक्ष ने एक शॉर्ट फिल्म बनाई
उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण को लेकर विपक्ष ने एक शॉर्ट फिल्म बनाई है तथा उसको हर जिले में दिखाकर प्रोपेगंडा किया जा रहा है। ऐसा दुष्प्रचार कोई दुष्ट पार्टी ही कर सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सदन में चर्चा करने को तैयार है और कुछ भी छिपाना नहीं चाहती, लेकिन गाली देना, शोर मचाना और विधानसभा अध्यक्ष को घेरना लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा नहीं है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि यह दुखद है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ और उनकी परिजनों के साथ पूरी सहानुभूति है। वह चाहते हैं कि दोषियों को सजा मिले। इसके लिए उन्होंने स्वयं प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सी.बी.आई. जांच की मांग की थी और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी बात की थी। उन्होंने कहा कि उनके आग्रह पर केंद्र ने इस प्रकरण की सी.बी.आई. जांच के आदेश दिए तथा प्रदेश उच्च न्यायालय इसको मॉनीटर कर रहा है। 


बारिश से हुए भूस्खलन से प्रदेश में करीब 276 लोगों की मौत
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा व सी.पी.आई.एम. ने शिमला में दुकानों को बंद करवाया तथा कानून व्यवस्था को खराब करने का प्रयास किया। इससे पहले ठियोग में गाड़ियों को जलाया गया और शीशे तोड़े गए। इसी तरह कोटखाई पुलिस थाने को जलाया गया, लेकिन सरकार ने इन सब मामलों में नरमी बरती। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी संपत्ति को नुक्सान पहुंचाने वालों को लेकर मामला दर्ज किया गया है तथा दोषियों पर कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश से हुए भूस्खलन से प्रदेश में करीब 276 लोगों की मौत हुई है। सदन में इस पर चर्चा जरूरी है, ताकि उनके परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की जा सके।


धूमल की विधायकों पर पकड़ नहीं 
वीरभद्र सिंह ने कहा कि सदन के भीतर जिस तरह से विपक्षी सदस्य व्यवहार कर रहे हैं, उससे लगता है कि नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल की उन पर पकड़ नहीं रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जब भी मिलते हैं तो उनमें सामान्य और मीठी-मीठी बातें होती हैं, लेकिन सदन के भीतर उनका रवैया बदल जाता है। ऐसा लगता है कि नेता प्रतिपक्ष का अपने सदस्यों पर पूरा नियंत्रण नहीं है। उनका कहना था कि यदि नेतृत्व मजबूत होता तो सदन के भीतर इस तरह की स्थिति पैदा नहीं होती।


मेरी फेसबुक कुछ वालंटियर चलाते हैं
मुख्यमंत्री ने गुड़िया मामले को लेकर उनके फेसबुक पेज पर आए फोटो को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि वह स्वयं इसको नहीं चलाते। उनके फेसबुक पेज को कुछ वालंटियर चलाते हैं। उन्होंने कहा कि गलती के कारण उनकी तरफ से यह फोटो डाली गईं, लेकिन कुछ ही क्षणों के बाद इन्हें हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि गुड़िया मामले की जल्द जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के अन्य राज्यों की तुलना में हिमाचल प्रदेश में अपराध नगण्य हैं।