खतरा बने नेताओं पर आपराधिक मामले दर्ज करवाते हैं वीरभद्र : आई.डी. भंडारी

Sunday, Nov 05, 2017 - 12:04 AM (IST)

बिलासपुर: सेवानिवृत्त डी.जी.पी. आई.डी. भंडारी ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के ऊपर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगे हैं बावजूद इसके वे मुख्यमंत्री के पद पर बैठे हैं जोकि लोकतंत्र के लिए एक बहुत ही शर्मनाक बात है। उन्होंने मुख्यमंत्री कहते फिर रहे हैं कि उनके पीछे 3-3 एजैंसियां लगाई गई हैं।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बहुत ही अहंकारी हैं तथा विपक्षियों और अपनी ही पार्टी के लिए अपने लिए खतरा बनने वाले नेताओं के विरुद्ध आपराधिक मामले दर्ज करवाते हैं। इसके लिए वे सता का दुरुपयोग करते हैं। अपनी दमनकारी नीतियों को लागू करने के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। 

राजनीतिक प्रतिशोध के चलते 2 साल पहले डी.जी.पी. के पद से हटाया 
उन्होंने बताया कि उन्हें भी राजनीतिक प्रतिशोध के चलते ही 2 साल पहले ही डी.जी.पी. के पद से हटा दिया था तथा सेवानिवृत्ति से पहले उनके विरुद्ध भी मामला दर्ज करवाया था लेकिन बाद में अदालत ने इस मामले को खारिज कर दिया था। सेवानिवृत्त डी.जी.पी. ने कहा कि उन्होंने उनके साथ काम किया है और वे उनकी फितरत से भली-भांति परिचित हैं। अपने फायदे के लिए वे किसी को भी बलि का बकरा बना सकते हैं। 

पाक साफ हैं तो नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र दें वीरभद्र 
उन्होंने कहा कि यदि वीरभद्र सिंह पाक साफ हैं तो उन्हें अपने पद से नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र दे देना चाहिए था और जब तक अदालत उन्हें बरी नहीं कर देती तब तक चुनाव लडऩे से परहेज करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक विशेष क्षेत्र के लोगों को ही रि-इम्प्लाइमैंट और रोजगार देते हैं। अन्य क्षेत्रों के साथ हर मामले में भेदभाव करना इनकी फितरत में शामिल है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य प्रो. डी.आर. चौहान व कुलदीप सिंह भी मौजूद रहे।