Ex CM वीरभद्र ने BJP को दी सलाह, बोले-आज को नहीं भविष्य को देखकर आगे बढ़ो

Monday, Nov 05, 2018 - 04:17 PM (IST)

रामपुर बुशहर (विशेषर नेगी): हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वीरभद्र सिंह रविवार शाम रामपुर बुशहर में बुशहर होटल एसोसिएशन द्वारा उनके सम्मान में आयोजित समारोह में शरीक हुए। इस दौरान उन्होंने हिमाचल सरकार द्वारा स्कूल-कॉलेजों को बंद करने के मुद्दे पर कहा कि आज को नहीं भविष्य को देख कर आगे बढ़ो। पता नहीं इनके सलाहकार कौन हैं जो ऐसी राय देते हैं। इन्वैस्टमैंट फॉर फ्यूचर, हैपिनैस एंड प्रॉस्पेरिटी। उन्होंने कहा कि सरकार को ब्यूरोक्रेसी पर और ब्यूरोक्रेसी को सरकार पर विश्वास होना चाहिए जो प्रदेश में नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय पर एक महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच होनी चाहिए। पता किया जाए की महिला सच कह रही है या झूठ।

विकास के कार्य नहीं कर पा रही भाजपा
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश भाजपा सरकार जिस तरह के विकास के कार्य होने चाहिए नहीं कर पा रही पा रही है। हालांकि सरकार को स्थापित होने में समय जरूर लगता है। उन्होंने ने सरकार द्वारा जिन स्कूल-कॉलेजों में छात्रों की संख्या कम है उन्हें बंद करने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि विकास, सुविधा एवं सेवा के कार्य आने वाले समय को देख कर किए जाते हैं। सुविधाएं होंगी तो शिक्षा दूरदराज तक आसानी से लोगों को मिलेगी।

वीरभद्र ने समझी होटल संचालकों की समस्या
इस मौके पर होटल व्यवसायियों ने बताया कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय उच्चतम न्यायालय ने मुख्य मार्ग के साथ के होटलो में बीयर बार बंद करने के निर्देश दिए थे लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री ने हिमाचल के होटल संचालकों की समस्या समझते हुए एक अध्यादेश लाकर उनकी समस्या दूर कर दी थी। इस समारोह में पूर्व सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह व रामपुर के विधायक नंद लाल भी उपस्थित थे।

Vijay