वीरभद्र की चुनौती के सामने BJP ने बनाया नया रिकॉर्ड

Thursday, Dec 21, 2017 - 09:44 AM (IST)

सोलन (पाल): अर्की में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जैसे कद्दावर नेता के सामने भाजपा रिकॉर्ड बनाने में कामयाब रही है। इस निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी पहली बार 28,000 से अधिक वोट लेने में कामयाब रहे जबकि इससे पूर्व यह रिकॉर्ड पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा के नाम था। वर्ष 2007 में हुए विस चुनाव में गोविंद ने 21,165 मत लेकर इतिहास रचा था। इस बार अर्की से भाजपा प्रत्याशी रत्न सिंह पाल 28,448 वोट लेने में कामयाब रहे। यही नहीं इस बार भाजपा के वोट प्रतिशत में 14 फीसदी की बढ़ौतरी हुई है। 


अर्की में पहली बार कांग्रेस को मिले 34,499 वोट
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जहां 30.09 फीसदी वोट मिले थे, वहीं इस बार भाजपा 44.30 फीसदी वोट लेने में कामयाब रही। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी अर्की में सबसे अधिक वोट लेने का रिकॉर्ड बनाया है। अर्की में पहली बार कांग्रेस को 34,499 वोट मिले हैं। पिछले चुनाव में जहां कांग्रेस को केवल 26 फीसदी के आसपास वोट मिले थे। इस बार अर्की से पहली बार चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री 53.72 फीसदी वोट लेने में कामयाब रहे हैं। विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री को पहली बार अर्की में ही कुछ चुनौती मिली है। इसकी जीत उनके विधानसभा चुनाव की सबसे कम अंतर की रही है। भले ही उन्होंने 6,051 मतों से जीत हासिल की हो लेकिन उनकी पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में यह आधी भी नहीं है।