काजल के सिर पर वीरभद्र का हाथ, बाली-चंद्र गायब, मुकेश-सुधीर साथ

Friday, Apr 05, 2019 - 10:20 AM (IST)

कांगड़ा: (जिनेश/सौरभ): कांगड़ा-चम्बा से कांग्रेस प्रत्याशी बनने के बाद दिल्ली से कांगड़ा पहुंचे पवन काजल के रोड शो में तमाम कयासों के विपरीत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व पूर्व मंत्री जी.एस. बाली, ओ.बी.सी. नेता चंद्र कुमार, चौधरी सुरेंद्र काकू नहीं पहुंचे। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दिल्ली स्थित अपने आवास में पवन काजल के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और जल्द ही चुनाव प्रचार के लिए कांगड़ा आने की बात कही। गग्गल हवाई अड्डे से मटौर तक निकाले रोड शो में पार्टी अध्यक्ष कुलदीप राठौर, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री खुली जीप में काजल संग सवार हुए। रोड शो में पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल सहित जिला कांगड़ा व चम्बा के पूर्व कांगेस विधायकों ने भी भाग लिया। 

दिल्ली से सुधीर शर्मा और पवन काजल एक साथ आए, जहां उनका स्वागत करने के लिए प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर और मुकेश अग्निहोत्री पहले से ही मौजूद थे। यहां सभी नेताओं ने करीब 10 मिनट तक अकेले में मंत्रणा भी की। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि लोकसभा चुनावों में एक तरफ कांग्रेस पार्टी है, जिसने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी है जबकि भाजपा ने देश के लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ जुमलेबाजी ही करती आई है। विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पहले से ही यह तय था कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पवन काजल को कांग्रेस अपना प्रत्याशी बनाएगी। इसकी पटकथा चम्बी में हुई राहुल गांधी की रैली में लिख दी गई थी।

उन्होंने कपूर पर तंज कसा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि मंत्री बनने के बाद क्यों एम.पी. का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। यदि वह कैबिनेट मंत्री रहते हुए खुश नहीं हैं तो वह सांसद बनकर क्या खुश रहेंगे। वहीं, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व भाजपा के प्रत्याशी किशन कपूर पर तंज कसते हुए कहा कि शांता कुमार ने पिछले 5 वर्षों में लोगों से कई वायदे किए थे जिसमें आलू के चिप्स, गद्दी समुदाय द्वारा ऊन के कंबलों, चम्बा में सीमैंट फैक्टरी लगाने व रेलवे विस्तार आदि के सपने दिखाए, जो आज तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि किशन कपूर बार-बार लोगों को गुमराह करते आए हैं कि यह उनका आखिरी चुनाव है तो फिर एम.पी. का चुनाव क्यों लड़ रहे हैं।

चंबा में मैं ही लगाऊंगा सीमैंट प्लांट : काजल मटौर जनसभा में कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल अलग ही रंग में दिखे। कई घंटों से इंतजार कर रहीं महिलाओं से माफी मांगते हुए काजल ने सांसद शांता कुमार पर निशाना साधते हुए उनके पूरे कार्यकाल को फेल करार दिया। उन्होंने कहा कि जो जुमले बीजेपी ने 5 साल में छोड़े थे ,उनमें से एक भी पूरे नहीं किए हैं। काजल ने कहा कि यदि सांसद बना तो चंबा के ही सिकरीधार में मैं सीमैंट प्लांट खुलवाऊंगा। यदि ऐसा न कर सका तो फिर चम्बा के लोग मुझे जिला में घुसने न दें। काजल ने कहा कि चैलेंज लेना मेरी आदत है और सांसद बनकर कांगड़ा-चंबा की तस्वीर बदलकर रख दूंगा। काजल बोले- मैं दिल्ली भी जाऊंगा और 2022 का चुनाव भी यहीं से लड़ूंगा।


 

Ekta