वीरभद्र सिंह का BJP पर वार, बोले-RSS से घिरे रहते हैं CM जयराम

Thursday, May 09, 2019 - 09:36 PM (IST)

पांवटा साहिब (रोबिन): प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वीरवार को सिरमौर जिला में 5 चुनावी रैलियां कीं। धौलाकुंआ में जनसभा के दौरान उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा ने देश को जाति-धर्म और क्षेत्र के नाम पर बांटने का काम किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आर.एस.एस. के लोगों के बीच घिरे रहने पर कड़ा विरोध जताया तथा कहा कि मुख्यमंत्री सही व्यक्ति हैं लेकिन वह शुरू में ही आर.एस.एस. के बीच घिर जाने की गलती कर बैठे हैं।

आर.एस.एस. से वैर-विरोध नहीं

उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि मुख्यमंत्री जी, आप जाग जाइए। कहीं ऐसा न हो जब आप जागें तब सब खत्म हो चुका हो। उन्होंने आर.एस.एस. पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें आर.एस.एस. से वैर-विरोध नहीं है लेकिन जब ऐसी संस्थाएं सरकारी तंत्र में घुस जाएं तो ठीक नहीं होता।

भाजपा सरकार विकास पर ग्रहण

पांवटा साहिब में जनसभा दौरान उन्होंने कहा कि सभी समस्याएं तभी जाएंगी जब भाजपा सरकार जाएगी। यह सरकार विकास पर ग्रहण है। जब यह ग्रहण हटेगा तभी कानून का राज स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि जैसे उद्योग रोजगार के लिए जरूरी है वैसे ही किसानों की भी अपनी जरूरतें हैं लेकिन ये सभी जरूरतें तभी पूरी होंगी जब प्रदेश और केंद्र में पुन: कांग्रेस की सरकार बनेगी।

Vijay