BJP के खिलाफ जमकर बरसे वीरभद्र, AIIMS को लेकर दिया बड़ा बयान

Friday, Oct 06, 2017 - 05:25 PM (IST)

कुल्लू: एम्स को लेकर चल रही बयानबाजी पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह आज कुल्लू में जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि एम्स के लिए पैसा भारत सरकार ने दिया है। यह पैसा किसी मंत्री या प्रधानमंत्री का नहीं है। मुझसे पूछोगे तो मैं भी कहूंगा कि  मैंने अपनी नहीं, प्रदेश सरकार की जमीन एम्स के लिए दी।  मुख्यमंत्री शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन मौके पर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि भाजपा को एम्स पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। दुनिया पूर्व की ओर चलती है तो भाजपा पश्चिम का रुख करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस स्कूल खोलती है और भाजपा उन स्कूलों को बंद करने का काम करती है। भाजपा ने आज तक चरित्र हनन का ही काम किया है। भाजपा समाज को बांटने और मतभेद बढ़ाने का काम करती है। 

अनुराग ठाकुर को लेकर है सारा झगड़ा 
मुख्यमंत्री से जब आयकर रिटर्न पुन: असैसमैंट मामले के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस पर कुछ भी न पूछें तो बेहतर रहेगा। न्यायालय में विचाराधीन मामलों पर कुछ बोलना ठीक नहीं है। वैसे सारा झगड़ा जो है, वह अनुराग ठाकुर को लेकर है। अनुराग जेतली को उकसा रहे हैं। मेरे खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई की जा रही है। हमने भी एच.पी.सी.ए. के खिलाफ जांच करवाई है और मामला चल रहा है। जैसे-जैसे समय बीतता जाएगा तो हमारे खिलाफ रचे गए षड्यंत्र में भी सब कुछ सामान्य हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कल से चुनाव प्रचार शुरू कर रही है और मंडी में चुनावी बिगुल फूंका जाएगा। मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पार्टी युवा और अनुभवी दोनों ही लोगों को विधानसभा चुनाव में मैदान में उतारेगी। हमारी सरकार जो होगी, वह युवाओं और अनुभवी लोगों का मिक्सचर होगी। 

देवी-देवताओं का नजराना 6 प्रतिशत बढ़ाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि देव नीति के लिए पुजारी, गुर, बजंतरी व हारियान सभी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी देव संस्कृति, अपने रहन-सहन, खान-पान को नहीं भूलना चाहिए, चाहे हम कहीं भी रहें। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने देवी-देवताओं की नजराना राशि में 6 प्रतिशत बढ़ौतरी की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि गैर-मुआफीदार देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के लिए 1000 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। इस पर मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देवी-देवता जो हैं, वे तो ठीक हैं। पैसों के चक्कर में धड़ाधड़ नए देव रथ न बनाएं, यह हमारी विनती है। इस पर कलाकेंद्र में ठहाके भी लगे। 

ये रहे मौजूद
इस मौके पर कलाकेंद्र में विधायक खूब राम आनंद, विधायक रवि ठाकुर, सुंदर सिंह ठाकुर, आदित्य विक्रम सिंह, यूपेंद्र कांत मिश्रा, भुवनेश्वर गौड़, हरिचंद, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, उत्तम शर्मा, गोपाल कृष्ण महंत, सत्य प्रकाश, अनुराग प्रार्थी, डी.सी. युनूस, ए.डी.सी. राकेश शर्मा, एस.डी.एम. सन्नी शर्मा और एस.पी. शालिनी अग्निहोत्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।