सुखराम के खिलाफ वीरभद्र की टिप्पणियों से कांग्रेस का मंडी में हुआ सफाया: रायजादा(Video)

Wednesday, Jan 16, 2019 - 02:47 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): कांग्रेस के ऊना से विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने कहा है कि यदि वीरभद्र सिंह अपनी रैली के दौरान मंडी में वरिष्ठ नेता पंडित सुखराम को अपशब्द न कहते तो जिला मंडी में कांग्रेस को इतना बड़ा नुकसान न होता। पंजाब केसरी टी.वी. के साथ विशेष बातचीत में कांग्रेस विधायक ने कहा कि सुखराम की उपेक्षा और उनके अपमान की वजह से मंडी में कांग्रेस का सफाया हो गया और भाजपा को 10 सीटें हासिल हुई। यदि सुखराम को स्टेज पर चढ़ाने से मना न किया होता और उन्हें आया राम गया राम की संज्ञा न दी गई होती तो पार्टी की स्थिति कुछ और होती। अब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हमीरपुर संसदीय हलके में भी पार्टी का नुकसान करना चाहते हैं और इसी वजह से वह पार्टी के 6 वर्ष तक अध्यक्ष रहे सुक्खू के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। 

कांग्रेस विधायक ने कहा कि हाईकमान को मूर्ख की संज्ञा देना और पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं को कवाड़ कहना बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे पार्टी का काफी नुकसान हुआ है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि यदि सुजानपुर के विधायक राजेन्द्र राणा के परिवार से किसी को टिकट दिया गया तो इससे कांग्रेस को हमीरपुर संसदीय हलके में बड़ा नुकसान होगा। रायजादा ने कहा कि वह परिवारवाद के खिलाफ हैं और यह नहीं चाहते हैं कि बाप विधायक हो और पुत्र को लोकसभा की टिकट दी जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अनेक नेता व कार्यकर्ता हैं जिन्हें मौका दिया जाना चाहिए। यदि कांग्रेस पार्टी जीत चाहती है तो पार्टी को सोच समझकर फैसला करना होगा। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह न जाने क्यों राजेन्द्र राणा के परिवार की वकालत कर पार्टी को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। 

कांग्रेस विधायक ने एक सवाल के जवाब में कहा कि विस चुनावों में पार्टी की हार के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सुक्खू नहीं बल्कि वीरभद्र सिंह जिम्मेदार हैं। 5 वर्षों के सत्ताकाल में यदि अच्छे कार्य हुए हों तो पार्टी फिर से रिपीट करती है। इसके लिए पार्टी अध्यक्ष नहीं बल्कि सीधे तौर पर मुख्यमंत्री ही जिम्मेदार होते हैं। वीरभद्र सिंह को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। कांग्रेस विधायक ने कहा कि वह उम्मीद करेंगे कि जो व्यवहार और बयानबाजी कांग्रेस के पूर्व सभी अध्यक्षों के खिलाफ वीरभद्र सिंह करते रहे हैं वह आगे नहीं होगा। कुलदीप राठौर पार्टी को मजबूत करेंगे।

पार्टी के अध्यक्ष और हाईकमान से वह आग्रह करेंगे कि पार्टी और नेताओं के खिलाफ बयानबाजी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि कोई भी खुले मंच से अपने नेताओं को कवाड़ और दूसरी उपमाएं न दे पाए। कांग्रेस विधायक ने कहा कि हमीरपुर संसदीय हलके में अनेक कार्यकर्ता हैं जिनमें जीत की क्षमता है। पार्टी जो भी फैसला करेगी सभी नेता उसी के अनुसार एकजुटता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सुक्खू ने हमेशा पार्टी को मजबूत किया। 10 वर्ष एन.एस.यू.आई., फिर युवा कांग्रेस और उसके बाद कांग्रेस के अध्यक्ष के नाते पार्टी को मजबूत करने में उनकी बड़ी भूमिका रही है। सुक्खू के बारे में बयानबाजी कतई सही नहीं है।

Ekta