चुनाव लड़ने के सवाल पर वीरभद्र का बड़ा खुलासा, जानने के लिए पढ़ें खबर

Tuesday, Sep 26, 2017 - 09:56 PM (IST)

शिमला: युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह के शिमला ग्रामीण से चुनाव लड़ने की तस्वीर साफ होने के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि उनके पास चुनाव लड़ने के लिए कई विस क्षेत्रों के विकल्प हैं। मंगलवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि कई विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधिमंडल उनसे मिल रहे हैं और उन्हें चुनाव लडऩे को कह रहे हैं। उनसे जब सवाल किया गया कि वह किस विस क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे तो उन्होंने कुछ भी स्पष्ट नहीं किया। हालांकि मुख्यमंत्री ने यह जरूर कहा कि कौन-कहां से चुनाव लड़ेगा, यह हाईकमान ही तय करेगा।

प्रदेश की जनता के साथ मेरा रिश्ता अटूट
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के साथ उनका रिश्ता अटूट है और इसी का परिणाम है कि उनके पास चुनाव लडऩे के लिए कई विस क्षेत्रों के विकल्प हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में किसी से भी उनका कोई मनमुटाव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से विपक्ष पूरी तरह से बौखला चुका है। इसी के चलते अब चुनाव नजदीक आते देख भाजपा नेता प्रदेश की जनता को गुमराह करने में जुट गए हैं। 

पी.एम. मोदी को देना चाहिए जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 3 अक्तूबर को बिलासपुर में किए जाने वाले एम्स के शिलान्यास को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने तो 3 साल पहले भारत सरकार को जमीन अलॉट कर दी थी लेकिन पी.एम. मोदी अब शिलान्यास करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एम्स बनने में देरी क्यों हुई? इसका जवाब पी.एम. मोदी को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि एम्स बनने से हिमाचलवासियों और खासकर उस क्षेत्र के लोगों को बहुत लाभ मिलेगा लेकिन यह काम जल्दी हो जाना चाहिए था।

कई दशकों से मिलता आया हूं हाईकमान से 
हाईकमान द्वारा दिल्ली बुलाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि वह हाईकमान से पिछले कई दशकों से मिलते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं और उनका अधिकांश जीवन कांग्रेस से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी हाईकमान से कभी भी मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही समय निकाल कर पार्टी हाईकमान के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा करेंगे।

सी.एम. को अर्की से मिला चुनाव लडऩे का न्यौता
शिमला ग्रामीण से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चुनाव न लडऩे की तस्वीर साफ होने के बाद अर्की विस क्षेत्र से संबंध रखने वाले कांग्रेस नेता सी.एम. के दरबार पहुंचे और उन्हें अर्की विस क्षेत्र से चुनाव लडऩे का न्यौता दिया। पशुपालन बोर्ड निदेशक मंडल के सदस्य राजेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में अर्की का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला और उनसे चुनाव लडऩे का आग्रह किया।