हमीरपुर से कांग्रेस उम्मीदवार पर वीरभद्र का यू-टर्न, जानिए क्या बोले

Friday, Dec 28, 2018 - 11:32 PM (IST)

बिलासपुर: पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार को लेकर यू-टर्न लिया है। कुछ अरसा पूर्व सुजानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में वीरभद्र सिंह ने हमीरपुर सीट से राजेंद्र राणा के बेटे अभिषेक राणा की वकालत की थी। शुक्रवार को बिलासपुर में इस बारे पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि हमीरपुर से कांग्रेस का अभी तक कोई भी प्रत्याशी फाइनल नहीं है, वहीं मंडी लोकसभा सीट पर उनके द्वारा चुनाव लडऩे पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह आगामी लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे।

मोदी की रैली से लोगों को हुई परेशानी

बिलासपुर परिधि गृह में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धर्मशाला रैली में सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि यह रैली पूरी तरह से राजनीतिक थी, जिसमें भीड़ जुटाने के लिए अफसरों और कर्मचारियों का प्रयोग किया गया। बड़ी संख्या में एच.आर.टी.सी. की बसें रैली में भेज दी गईं। विभिन्न रूटों पर चलने वाली इन बसों के न जाने की वजह से लोगों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने जयराम सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरी तरह से निराशाजनक रहा है। इस अवधि में विकास का कोई भी नया कार्य शुरू नहीं हुआ है। हिमाचल में आज तक जितना भी विकास हुआ है, वह कांग्रेस सरकारों की देन है।

बस हादसे के घायलों को बांटे रुपए व कंबल

जामली के पास 2 दिन पहले हुए बस हादसे के घायलों का कुशलक्षेम जानने के लिए वह शुक्रवार को दोपहर बाद बिलासपुर पहुंचे। अस्पताल में घायलों से मुलाकात कर उन्होंने उनका हालचाल पूछा, साथ ही उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की। उन्होंने बस हादसे में घायल हुए सभी लोगों को अपनी ओर से 5-5 हजार रुपए व कंबल की सहायता भी दी। इस मौके पर सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर भी उनके साथ थे।

Vijay