अगली सरकार में समाप्त करेंगे VIP कल्चर : वीरभद्र

Thursday, Mar 23, 2017 - 05:47 PM (IST)

सोलन (अमित): मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि वह वी.आई.पी. कल्चर के खिलाफ हैं। जनता व वी.आई.पी. में फर्क नहीं होना चाहिए, जनता ही वी.आई.पी. बनाती है और अगली कांग्रेस सरकार बनने पर प्रदेश में वी.आई.पी. कल्चर समाप्त किया जाएगा। अभी इस सरकार के कार्यकाल में कई और कार्य करने बाकी हैं। पंजाब में कैप्टन अमरेंद्र सिंह की सरकार बनने के बाद लाल व नीली बत्तियों के प्रयोग पर रोक को लेकर हिमाचल के संदर्भ में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने उक्त बात कही।

शहीद भगत सिंह, राजगुरु तथा सुखदेव को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने इस दौरान लगभग 26 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किए जा रहे शामती बाईपास की वस्तुस्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शामती बाईपास के निर्माण कार्य को समय पर पूरा किया जाए। वीरभद्र सिंह ने इससे पूर्व कृतज्ञ प्रदेशवासियों की ओर से शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु तथा सुखदेव को उनके 86वें शहीदी दिवस पर शहीद स्मारक चंबाघाट में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

दौरे में नहीं दिखे शांडिल
सोलन से विधायक एवं मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल मुख्यमंत्री के सोलन दौरे में नजर नहीं आए। शांडिल के समर्थकों ने बताया कि शांडिल बुधवार शाम को दिल्ली गए हैं। जहां से उन्होंने फैजाबाद जाना था। दून के विधायक राम कुमार चौधरी भी मुख्यमंत्री के दौरे में शामिल नहीं हुए।