पांवटा साहिब में BJP कार्यकर्ताओं ने उड़ाई आदर्श आचार संहिता की धज्जियां

Sunday, Mar 31, 2019 - 03:03 PM (IST)

पांवटा साहिब (रोबिन): शिलाई क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां शुरू होते ही आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की घटना सामने आई है। रविवार को क्षेत्र में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवेश द्वार सतोन में उत्साहित भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आचार संहिता की धज्जियां उड़ाई। सतोन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के स्वागत के लिए राष्ट्रीय राज मार्ग-707 पर बस स्टॉप पर टेंट और कुर्सियां लगा दी गई थी। हालांकि चुनाव आयोग का डंडा खड़कने के बाद भाजपाइयों ने वर्षा शालिक तो खाली कर दी लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग पर कब्जा जमाए रखा। 

उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय सिरमौर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भाजयुमो सम्मेलन में भाग लेने के लिए कफोटा जा रहे थे। इस दौरान सतोन में उनके स्वागत के लिए स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम रखा था। लेकिन कार्यक्रम के आयोजक आदर्श आचार संहिता के निर्देशों को भूल गए। हालांकि स्थानीय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने वर्षा शालिका और राष्ट्रीय राजमार्ग पर आयोजन होता देख तुरंत इस बात की शिकायत चुनाव आयोग को की। चुनाव आयोग ने भी शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए। लेकिन बावजूद सत्ता के मद में चूर भाजपा कार्यकर्ताओं ने वर्षा शालिका तो खाली कर दी लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेंट और कुर्सियां लगाकर कार्यक्रम जारी रखा।

इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पार्टी प्रत्याशी सुरेश कश्यप और खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने भी लोगों को संबोधित किया। भाजपा की मनमानी और चुनाव आयोग के ढुलमुल रवैया से परेशान स्थानी कांग्रेस ने इस हरकत पर कड़ा संज्ञान लिया है और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाएं हैं। शिलाई क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि इस संबंध में चुनाव आयोग को पत्र लिखकर सूचित किया गया है। जबकि एसडीम शिलाई योगेश चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इस संबंध में जांच की जाएगी कि आचार संहिता का उल्लंघन हुआ था या नहीं।

Ekta