विक्रमादित्य बोले- बिहार की तर्ज पर लड़ेंगे हिमाचल का चुनाव

Saturday, Jul 08, 2017 - 11:45 PM (IST)

मंडी: प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चुनाव इस बार राष्ट्रीय और राज्य स्तर की स्टार वार की तरह होंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में इस बार कांग्रेस बिहार की तर्ज पर चुनाव लड़ेगी। जिस तरह से नितीश कुमार ने मोदी के विजय रथ को बिहार के चुनाव में रोककर जीत का परचम लहराया था, उसी प्रकार अब हिमाचल की जनता को यह तय करना होगा कि उन्हें मेहमान की तरह आने वाले मोदी चाहिए अथवा वीरभद्र की तरह सशक्त नेतृत्व चाहिए, जिन्होंने हिमाचल के विकास में अपना अहम योगदान दिया है। 



युवाओं को बताईं जा रहीं कांग्रेस पार्टी की उपलब्धियां 
मंडी में आयोजित किए जा रहे 2 दिवसीय संकल्प शिविर के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इसमें युवाओं को कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, नीतियों और राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इस कार्यक्रम में रविवार को आखिरी सैशन में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, युवा सांसद दिपेंद्र हुड्डा व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगमीत बराड़ आएंगे। इस संकल्प शिविर में आगामी विधानसभा चुनाव, बूथ मैनेजमैंट और सोशल मीडिया आदि के बारे में भी मंथन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी के साथ विचार-विमर्श करने के बाद ही प्रदेशभर में यात्रा निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार की विकासात्मक उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। 



पार्षद की पिटाई मामले में मेरा रोल नहीं 
शोघी प्रकरण में भाजपा की ओर से पार्षद की पिटाई मामले में आरोपी बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पहले ही कह दिया है और मेरा कोई इसमें रोल नहीं है। भाजपा बेवजह मेरा नाम घसीट रही है।  

स्वार्थ की राजनीति करते हैं मनकोटिया
मेजर विजय सिंह मनकोटिया पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह स्वार्थ की राजनीति करते हैं। कहने को तो वह मुख्यमंत्री पद के दावेदार बनते हैं मगर अपनी जमानत तक भी नहीं बचा पाते हैं।