विक्रमादित्य ने साधा निशाना, बोले-खुद की छवि को खराब कर रहे हैं मनकोटिया

Saturday, Jul 08, 2017 - 05:01 PM (IST)

मंडी (नीरज शर्मा): मेजर विजय सिंह मनकोटिया सीएम वीरभद्र सिंह के खिलाफ बयानबाजी करके अपनी ही छवि को खराब करने में लगे हुए हैं। यह बात हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मनकोटिया ने क्या किया है और आगे क्या करने वाले हैं इसके बारे में राज्य की जनता भली भांति जानती है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह छठी बार मुख्यमंत्री बने हैं और 7वीं बार बनने जा रहे हैं। उन्होंने नगर निगम शिमला के पार्षद पर हुए हमले को लेकर लगाए जा रहे आरोपों का भी खंडन किया।


कभी भी हिंसात्मक घटनाओं का पक्ष नहीं लिया
विक्रमादित्य ने कहा कि उन्होंने कभी भी हिंसात्मक घटनाओं का पक्ष नहीं लिया। भाजपा कार्यालय पर हुए हमले को लेकर भी युवा कांग्रेस पर कई आरोप लगाए गए जबकि इसकी शुरूआत भाजपा नेताओं ने ही की थी। वहीं उन्होंने पार्षद पर हुए हमले की निंदा भी की। विक्रमादित्य ने कहा कि राज्य कांग्रेस बिहार पैटर्न पर हिमाचल का चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में राज्य के चेहरों को आगे करके मोदी लहर को रोका गया था और यही तरीका हिमाचल कांग्रेस यहां अपनाएगी।