विक्रमादित्य ने साधा निशाना, कहा-CM की खिलाफत के अलावा BJP के पास नहीं कोई मुद्दा

Sunday, Jul 30, 2017 - 11:14 PM (IST)

नूरपुर: भाजपा को सबसे ज्यादा डर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से लगता है इसलिए हर समय सिर्फ  भाजपा का एक ही मुद्दा रहता है कि मुख्यमंत्री को किसी न किसी प्रकार से घेरे। यह बात लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह नूरपुर में कांग्रेस यूथ प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के पास विकास के ऊपर कोई भी मुद्दा नहीं है, जिससे सरकार को घेरा जा सके। उन्होंने कहा कि जितने भी भाजपा के केंद्रीय मंत्री या वरिष्ठ नेता हिमाचल में आते हैं, उनके पास सिर्फ सिंगल प्वाइंट एजैंडे हैं ‘वीरभद्र हटाओ प्रदेश बचाओ’। उन्होंने भाजपा नेताओं से प्रश्न करते हुए कहा कि क्या वह केवल वीरभद्र सिंह के नाम पर ही चुनाव लडऩा चाहते हैं, क्या मेरे पिता की खिलाफत करके ही चुनाव लडऩा चाहते हैं।  

किसी एक चेहरे को रख कर ही लड़े जाते हैं चुनाव
प्रदेश में कांग्रेस पार्टी में अंदरखाते उठ रही आवाज जिसमें एक चेहरे की बजाय सामूहिक रूप से चुनाव लडऩे के प्रश्न पर युकां अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव हमेशा किसी एक चेहरे को रख कर ही लड़े जाते हैं, सामूहिक रूप से चुनाव का सुझाव हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान जिसे भी प्रदेश में पार्टी का चेहरा बनाए, लेकिन चेहरा एक होना चाहिए। इस अवसर पर उनके साथ वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया और एन.एस.यू.आई. के राष्ट्रीय सचिव अमित पठानिया सहित कई कार्यकत्र्ता मौजूद रहे।

आयोग की सदस्य का राजनीतिक बयान निंदनीय
कोटखाई प्रकरण पर राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य सुषमा साहू के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि महिला आयोग की सदस्य ने प्रदेश में आकर ऐसा राजनीतिक बयान दिया जोकि निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह प्रदेश की पहली ऐसी नेत्री हैं जो सिर्फ पीड़ित परिवार के पास बाकी राजनीतिक दलों की तरह फोटो खिंचवाने नहीं बल्कि परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करने गई थीं।