बीमारियां भी नहीं तोड़ पाईं विकास बंसल का हौसला, देश में बजाया हिमाचल का डंका(Video)

Thursday, Nov 29, 2018 - 06:08 PM (IST)

पांवटा साहिब (रोबिन): दिल में कुछ कर गुजरने की इच्छा हो तो आगे बढऩे में कोई भी मजबूरी आड़े नहीं आती। पांवटा साहिब के लोकमित्र केंद्र संचालक विकास बंसल ने इस बात को साबित कर दिखाया है। विकास बंसल की दोनों किडनियां खराब हैं और वह डायबिटीज, आंखों और लीवर की बीमारियों से जूझ रहे हैं। बावजूद इसके विकास बंसल को लोकमित्र केंद्र संचालन में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया है। कर्म को सेवा और सेवा को धर्म समझने वाले विकास बंसल को उनके अथक प्रयास और निष्काम सेवा भाव के चलते राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया है।

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने दिया पुरस्कार

विकास बंसल को लोकमित्र केंद्र संचालन के लिए देशभर में तीसरा स्थान मिला है। विकास बंसल को विगत दिन दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय पुरस्कार समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पुरस्कार से नवाजा। विकास बंसल ने लोकमित्र केंद्र संचालन में देशभर में तीसरा और प्रदेश में प्रथम स्थान अर्जित किया है। हैरानी की बात यह है कि अजय बंसल किडनी की घातक बीमारी से जूझ रहे हैं और सप्ताह में 3 दिन उनका डायलिसिस होता है। यही नहीं, अजय बंसल की आंखों के 6 बार ऑप्रेशन हो चुके हैं और वह लीवर की गंभीर बीमारी से भी जूझ रहे हैं।

इलाज को पैसा जुटाना और जनता की सेवा मुख्य उद्देश्य

विकास बंसल का कहना है कि बीमारियों के इलाज के लिए पैसा जुटाना और जनता की सेवा उनका मुख्य उद्देश्य है। यही कारण है कि वह इतनी गंभीर बीमारियों के बावजूद भी उपभोक्ताओं को कोई परेशानी नहीं आने देते और उनकी हर समस्या का समाधान त्वरित गति से करते हैं। भले ही अजय बंसल को खुद कितनी ही समस्याओं का सामना करना पड़ रहा हो।

पुनीत कार्य में पत्नी देती है साथ

हालांकि कठिनाइयां पग-पग पर हैं और न जाने तबीयत कब खराब हो जाए लेकिन बावजूद इसके विकास बंसल जनता की सेवा से कभी भी इंकार नहीं करते हैं। इस पुनीत कार्य में उनकी पत्नी सदैव उनका साथ देती है। यही कारण है कि विकास बंसल इतनी घातक बीमारियों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर इस मुकाम को छू पाए हैं।

Vijay