सुंदरनगर में जोरदार धमाके से हिले लोगों के घर, फैली सनसनी

Tuesday, Sep 18, 2018 - 07:44 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सुंदरनगर में उस समय डर का माहौल पैदा हो गया, जब सुंदरनगर में एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाका इतनी जोर से हुआ कि लोग अपने घरों से बाहर निकल गए और चारों तरफ अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर में मंगलवार सुबह करीब 10 बजकर 15 मिनट पर जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। लोग सहमे हुए काम-काज छोड़ अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। धमाका होने से लोगों के घर भी हिले। धमाका की आवाज सुंदरनगर के साथ लगते 10 से 15 किलोमीटर के क्षेत्र में भी सुनाई दी। इसके कारण भय का माहौल पैदा हो गया।


एसडीएम सुंदरनगर राहुल चौहान से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि धमाके तेज आवाज से सुनाई दी थी। धमाका हुआ कैसे, इसके बारे में हर जगह से जानकारी जुटाई जा रही है। लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी को भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी। प्रशासन जानकारी जुटाने में लगा रहा। वहीं, स्थानीय लोगों में इस धमाके को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। लोगों की मानें तो यह आसमाजिक तत्वों द्वारा की गई कोई घटना भी हो सकती है। हैरानी की बात यह है कि घटना के 3 घंटे बाद भी स्थानीय पुलिस व प्रशासन के लिए यह धमाका एक पहेली ही बना हुआ है।

Ekta