विजिलेंस विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हेड कांस्टेबल(Video)

Monday, Dec 03, 2018 - 02:02 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): विजीलैंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी करवाई को अंजाम देते हुए एक हैड कांस्टेबल को 1 लाख रुपए की रिश्वत के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजीलैंस की शिमला और ऊना की टीम ने सामूहिक रूप से रिश्वत से जुड़े मामले में इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। ए.एस.पी. विजीलैंस ऊना सागर चंद्र ने बताया कि हैड कांस्टेबल से 1 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। आरोपी हैड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया। ए.एस.पी. के मुताबिक हैड कांस्टेबल आई.पी.सी. की धारा 420 के तहत एक मामले में जांच अधिकारी था। जांच को खत्म करने और मदद करने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। 

टीम आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ दस्तावेजों को खंगाल रही

सौदा 1 लाख रुपए में तय हुआ था और इस राशि का भुगतान पुलिस चौकी पंडोगा में आज किया गया। केस को मैनेज करने के नाम पर जब एक लाख रुपए की राशि हैड कांस्टेबल द्वारा बताई गई जगह (बोरी के नीचे) रखी और उसके बाद उस राशि को उठाया जाने लगा तो तत्काल विजीलैंस की टीम ने छापामारी कर पुलिस कर्मी को पकड़ लिया। इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस कर्मी को नामजद किया गया है। टीम आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ दस्तावेजों को भी खंगाल रही है। एस.पी. दिवाकर शर्मा ने माना कि पंडोगा पुलिस चौकी में कार्रवाई हुई है। मामला संगीन है। आरोपी हैड कांस्टेबल के खिलाफ नियमों के तहत करवाई की जा रही है।

 

Ekta