विधानसभा चुनाव : विद्या स्टोक्स की बिगड़ी तबीयत, ठियोग से कौन लड़ेगा चुनाव सस्पेंस बरकरार

Saturday, Oct 21, 2017 - 04:37 PM (IST)

शिमला(विकास): हिमाचल प्रदेश की बागवानी एवं आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें फौरन इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला लाया गया, जहां उनकी तबीयत में पहले से कोई सुधार नहीं देखा गया। इसके बाद डॉक्टर्स ने उन्हें चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

ठियोग से चुनाव लड़ने का रास्ता साफ
हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों पर गौर फरमाया जाए, तो विद्या स्टोक्स ने अपनी सीट वीरभद्र सिंह के लिए छोड़ दी थी। इसी दौरान वीरभद्र सिंह ने अर्की से नामांकन भर दिया। ऐसे में ठियोग सीट पर विद्या स्टोक्स ही प्रबल दावेदार मानीं जा रही हैं और आलाकमान भी उनके नाम से सहमत है। वहीं कांग्रेस में 9 सीटों को लेकर जो सस्पेंस चला आ रहा है, उसके लिए भी नामों की घोषणा जल्द हो सकती है।

कांग्रेस के लिए बड़ा झटका 
विद्या स्टोक्स का अचानक स्वास्थ्य खराब होना पार्टी के लिए अच्छे संकेत नहीं है। विद्या स्टोक्स के चुनाव लड़ने को लेकर असमंजस की स्थिति देखी जा रही है। विधान सभा चुनाव के लिए नामांकन को एक-दो दिन ही बचे हैं। वहीं विद्या स्टोक्स का खराब स्वास्थ्य पार्टी के लिए भी चिंता का सबब बन सकता है।