पेड़ों के अवैध कटान का वीडियो वायरल, वन विभाग में मचा हड़कंप

Sunday, Apr 12, 2020 - 04:37 PM (IST)

मनाली (सोनू): धार्मिक नगरी वशिष्ठ के ग्रामीण ने सोशल मीडिया में वीडियो जारी किया है जिससे वन विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो देखते ही वन विभाग के अधिकारियों की नींद उड़ गई है। विभाग देर रात से ही वन कटुओं की तलाश में जुट गया। वीडियो देखने से ऐसा लग रहा है कि वन कटुओं ने बहुत से पेड़ काट दिए हों। वीडियो मनाली के मशहूर धार्मिक पर्यटन स्थल वशिष्ठ के साथ लगते जोगनी फाल से सटे जंगल का है। एक ओर लॉकडाऊन के चलते लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे है तो वहीं दूसरी ओर वन कटान के इस वीडियो ने वन विभाग सहित ग्रामीणों की नींद उड़ा दी।

ग्रामीण द्वारा सोशल मीडिया में डाला गया यह वीडियो मनाली में चर्चा का विषय बना गया। वन विभाग ने भी इस पर तुरंत करवाई कर मामले का पता लगाया व व्यक्ति को पकड़ लिया है। वन विभाग की जांच में सामने आया है कि यह पेड़ पहले के कटे हुए या गिरे हुए थे। इन पेड़ों का कुछ भाग शेष रह गया था, जिसे ग्रामीण ने जलाने के लिए काटा है।

हालांकि वीडियो में लग रहा है कि यह ताजा कटान है लेकिन जांच में सामने आया है कि यह पुराने कटे हुए पेड़ थे जो गिरने व सूखने के चलते काटे गए थे। आरओ मनाली वनिश ठाकुर ने बताया कि सोशल मीडिया में जारी वीडियो को गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया कि वशिष्ठ के जंगल की गहनता से छानबीन की गई है। ताजे पेड़ों का कटान नहीं हुआ है। ग्रामीण ने पहले से कटे पेड़ के शेष भाग को काटा है। ग्रामीणों पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Vijay