बच्ची से दुष्कर्म मामला : पीड़िता की मां गिरफ्तार, आरोपी रिमांड पर भेजा

Tuesday, Jul 09, 2019 - 11:00 PM (IST)

अम्ब: 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने अब उसकी मां को भी गिरफ्तार कर लिया है। महिला पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि गत दिनों एक गांव में 8 वर्षीय बच्ची के साथ उसके सौतेले पिता ने दुष्कर्म किया था। पीड़िता की मां पर आरोप है कि उसे आरोपी द्वारा किए गए कुकृत्य का पता था। बता दें कि उक्त आरोपी ने पूर्व में शादी की थी लेकिन उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। गत दिनों उसने पड़ोस की एक औरत व उसकी 2 बेटियों (8 साल व 3 साल) को अपने घर में रखकर अपना घर बसा लिया। यह मामला पुलिस व पंचायत में भी गया था, जहां पर महिला नहीं मानी और उसने अपनी 2 बेटियों के साथ उक्त व्यक्ति के घर रहने पर सहमति जताई थी।

कोर्ट ने ज्यूडीशियल रिमांड पर भेजा आरोपी

इस मामले में पुलिस ने गत दिनों घटनास्थल से मामले संबंधी साक्ष्य जुटाए थे और कई गवाहों के बयान कलमबद्ध किए थे। इस मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां कोर्ट ने आरोपी को ज्यूडीशियल रिमांड पर भेज दिया है। एस.पी. ऊना दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने आरोपी महिला (बच्ची की माता) के खिलाफ पोक्सो एक्ट की धारा 4-17-21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Vijay