Gift के नाम पर शातिरों ने ठगी महिला, 2.50 लाख रुपए का लगाया चूना

Wednesday, Feb 20, 2019 - 10:06 PM (IST)

कुल्लू: सुल्तानपुर इलाके की महिला को शातिरों ने चूना लगा दिया। महिला से शातिरों ने करीब 2.50 लाख रुपए ठग लिए। शातिरों ने महिला को कहा कि तुम्हारा गिफ्ट महंगा है और विदेश से आ रहा है। इसके लिए कस्टम फीस देनी पड़ेगी। महिला ने शातिरों के झांसे में आकर करीब 5 बार शातिरों द्वारा बताए गए खातों में पैसे डाले। बार-बार शातिरों द्वारा बताए गए खातों में डाली गई रकम का कुल योग 2.50 लाख रुपए के करीब बन रहा है। ठगी की शिकार महिला ने एस.पी. कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री को शिकायत पत्र सौंपा है। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।

ऐसे शातिरों के झांसे में आई महिला

पुलिस के अनुसार महिला को मोबाइल पर एक संदेश आया, जिसमें लिखा था उसने गिफ्ट जीता है। एक खास ड्रा में इस महंगे गिफ्ट के लिए उसके मोबाइल नंबर को चुना गया और वह विजेता रही, ऐसे में गद्गद् हुई महिला ने संदेश पर रिप्लाई करना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे शातिरों ने महिला से दूरभाष पर बात भी शुरू कर दी तथा उसे बताया गया कि उसका गिफ्ट विदेश से आएगा और इसके लिए कस्टम फीस भी लगेगी। महिला झांसे में आती रही और शातिरों द्वारा बताए गए बैंक खातों में उनकी मांग के अनुसार पैसे डालती रही। बाद में जब महिला ने संबंधित नंबरों पर कॉल करने की कोशिश की तो उसकी बात संबंधित व्यक्ति से न होकर किसी अन्य से होने लगी। कुछ समय बाद वह नंबर भी बंद हो गया, जिसके बाद महिला को ठगी का शिकार होने का आभास हुआ।

महिला ने एस.पी. को सौंपा शिकायत पत्र

अब महिला ने एस.पी. कुल्लू से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कुल्लू की एस.पी. शालिनी अग्निहोत्री ने महिला की ओर से शिकायत पत्र मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल संबंधित दूरभाष नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है। उन बैंक खातों को भी खंगाला जा रहा है जिनमें महिला ने बार-बार पैसे जमा करवाए। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की तह तक पहुंचेगी।

ऐसे फर्जी संदेशों को करें नजरअंदाज

कुल्लू पुलिस का कहना है कि बार-बार लोग शातिरों के झांसे में आकर अपने पैसे गंवा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे फर्जी संदेशों और फर्जी फोन कॉल्स को नजरअंदाज करें। वहीं ए.टी.एम. कार्ड से संबंधित कोई अन्य जानकारी भी फोन करके पूछे तो जानकारी न दें।

Vijay